Kaziranga Accident: काजीरंगा के पास मिनी बस और कंटेनर की भीषण टक्कर, 23 लोगों की मौत; कई घायल

0
5

Kaziranga Road Accident: असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के नजदीक शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में कम से कम 23 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

हादसा गोलाघाट जिले के कोहोरा रेंज में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन के मुताबिक, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी में 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे हैं। बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मंत्री अतुल बोरा ने संभाला राहत कार्य का जायजा

हादसे की खबर मिलते ही असम सरकार में मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से जख्मी लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।

तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस

एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में मिनी बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। आशंका है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here