IPL 2027 Auction:आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले बांग्लादेशी क्रिकेटरों की एंट्री ने एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है। पिछले सीजन में मुस्तफिजुर रहमान को लेकर हुए विवाद के बावजूद इस बार बांग्लादेश के सात खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम भेजा है। इनमें मुस्तफिजुर का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
आगामी सीजन के लिए मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को होना है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विभिन्न देशों के क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया था। इसी प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने भी नीलामी में शामिल होने की इच्छा जताई है।
मुस्तफिजुर के अलावा इन 6 खिलाड़ियों ने भी किया आवेदन
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के सात क्रिकेटरों ने आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इस सूची में तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम शामिल हैं।
हालांकि, नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की अंतिम आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं हुई है। इससे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की जानकारी देनी होगी। इसके बाद ही ऑक्शन की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
पिछले सीजन मुस्तफिजुर को लेकर हुआ था विवाद
आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की खबरों के बीच इस फैसले को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद BCCI के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने सीजन शुरू होने से पहले ही मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया था।
इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से भी नाराजगी जताई गई थी। अब आईपीएल 2027 के ऑक्शन में सात बांग्लादेशी खिलाड़ियों के नाम आने से एक बार फिर इस मुद्दे पर चर्चा शुरू हो गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी हट गया था बांग्लादेश
मुस्तफिजुर प्रकरण के बाद भारत और बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में तनाव की खबरें सामने आई थीं। भारत की मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने मुकाबलों के लिए न्यूट्रल वेन्यू की मांग की थी। मांग स्वीकार नहीं होने के बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था।
अब देखना होगा कि आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को कौन-सी फ्रेंचाइजी खरीदने में दिलचस्पी दिखाती है और क्या मुस्तफिजुर की संभावित वापसी फिर किसी विवाद को जन्म देती है।

