राहुल गांधी के धरने पर जेपी नड्डा का तीखा हमला, बताया ‘कैमराजीवी’

0
4

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। इस दौरान वह पैलेट गन पीड़ित के समर्थन में थाने में ही धरने पर बैठ गए। यहां हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। राहुल गांधी के धरने पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पूरा देश एक बार फिर उस सस्ती लोकप्रियता पाने वाली राजनीति को देख रहा है, जिसका प्रदर्शन आज राहुल गांधी ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर किया। राहुल गांधी का आज का धरना न तो छात्रों के लिए है और न ही न्याय के लिए। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक हताशा और राहुल गांधी की मीडिया का ध्यान खींचने की भूख का प्रतीक है।

जेपी नड्डा ने कहा कि पूरा देश जानता है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई की घटना का संज्ञान ले लिया है और एक पूर्व जज की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। जब देश की सर्वोच्च अदालत इस मामले की जांच कर रही है, तो राहुल गांधी पुलिस स्टेशन के बाहर कैमरों के सामने बैठकर क्या साबित करना चाहते हैं।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जनता कांग्रेस से राष्ट्रीय गीत के अपमान को लेकर जवाब मांग रही है, खासकर इसलिए क्योंकि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को तिरंगे के आकार का केक काटते हुए देखा गया था। अपने इस राष्ट्र-विरोधी चेहरे को छिपाने और भारी शर्मिंदगी से ध्यान हटाने के लिए, राहुल गांधी ने जल्दबाजी में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह नया ड्रामा रचा है।

बीजेपी सांसद ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी बच्चों और छात्रों का भविष्य भी बर्बाद करने पर तुली हुई है। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि जनता उनके ‘हिट-एंड-रन’ रवैये और राजनीतिक पाखंड को अच्छी तरह समझ चुकी है। वह कितना भी ड्रामा कर लें, कांग्रेस अपने पापों और जवाबदेही से बच नहीं सकती। लोग जवाब मांग रहे हैं और उन्हें जवाब देना ही होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here