JNU Sexual Harassment Case: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अकोइजाम मणिपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद भी हैं। उनके खिलाफ 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच विश्वविद्यालय की इंटरनल कमिटी ने की। समिति की रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद प्रशासन ने सेवा नियमों के तहत बर्खास्तगी का आदेश जारी किया। आदेश पर JNU की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित के हस्ताक्षर हैं।
क्या हैं आरोप?
रिपोर्टों के मुताबिक, छात्राओं ने आरोप लगाया था कि प्रोफेसर कक्षा के दौरान अनुचित टिप्पणियां करते थे और कुछ छात्राओं को अपने आवास पर बुलाते थे। इन शिकायतों की जांच विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने की, जिसके बाद बर्खास्तगी का फैसला लिया गया।
दिल्ली महिला आयोग ने भी मांगी थी रिपोर्ट
इस मामले में दिल्ली महिला आयोग ने भी हस्तक्षेप किया था। आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए JNU प्रशासन से POSH Act के तहत गठित आंतरिक समिति की कार्रवाई और जांच की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी थी। अब विश्वविद्यालय ने जांच के बाद प्रोफेसर को सेवा से हटाने का आदेश जारी कर दिया है।

