न्यूज़ डेस्क
कल 15 अगस्त है। प्रधानमंत्री मोदी कल लाल किले पर पर झंडा फहराएंगे और देश को सम्बोधित भी करेंगे। लेकिन बिहार से जदयू ने एक वीडियो के जरिये जो कहा है वह बहुत कुछ कह रहा है। जदयू ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
वीडियो में आयुष्मान भारत में घोटाले का जिक्र किया गया है। कहा कि आपकी सरकार ने भगवान राम की अयोध्या में कई घोटाले किए हैं। इन सबका सच पूरे देश को बता दीजिए। लाल किले पर आप आखिरी बार तिरंगा फहरा रहे हैं। ये आपके लिए प्रायश्चित का मौका है। देश की नजर आप पर है। उम्मीद है लाल किला से आप सच ही बोलेंगे।
सोमवार की सुबह जारी किए गए वीडियो के जरिए कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 24 घंटे के बाद लाल किले से देश की जनता को संबोधित करेंगे। तंज कसते हुए कहा गया है कि बीते 9 साल से आपके ‘मन की बात’ देश ने सैकड़ों घंटे सुनी हैं। जनता से जुड़े मुद्दों पर आप हमेशा मौन रहते हैं लेकिन उम्मीद है कि आप इस बार लाल किले से आम जन के हित की बात करेंगे। देश की जनता उम्मीद कर रही है कि आप मणिपुर पर सच बोलेंगे।
जाति आधारित गणना को लेकर कहा गया कि आपकी पार्टी ने बिहार में इसे रोकने के लिए बहुत कोशिश की लेकिन आप लोग इसमें सफल नहीं हो पाए। अब आप बिहार की जनता से माफी मांगिए और बिहार की तरह ही पूरे देश भर में जाति आधारित करने की घोषणा लाल किले से करें। देश की बहन और बेटियां आपसे बहुत निराश हैं। उम्मीद है कि आप उन सभी बीजेपी नेता पर कठोर फैसला लेने की घोषणा लाल किले से करेंगे जिन पर यौन शोषण के गंभीर आरोप हैं। उम्मीद है लाल किले से युवाओं के लिए जुमले नहीं उछालेंगे।

