नई दिल्ली: हैकर्स ने आज जल शक्ति मंत्रालय का ट्विटर अकाउंट हैक कर दिया। अकाउंट हैक होने की खबर आते ही जांच एजेंसियां सतर्क हो गईं। सिक्योरिटी एजेंसी और साइबर एक्सपर्ट ट्विटर हैंडल हैकिंग से जुड़ें मामले की जांच में जुट गए। हालांकि अब ट्विटर अकाउंट ठीक हो गया है। मंत्रालय के खाते की हैकिंग की संबंधित एजेंसियों द्वारा प्रारंभिक जांच शुरू की गई। खाते को शीघ्र ही बहाल कर दिया गया और हैक किए गए खाते से संदिग्ध ट्वीट हटा दिए गए। पिछले सप्ताह एम्स दिल्ली का सर्वर हैक होने के बाद किसी सरकारी साइट पर यह दूसरा बड़ा साइबर हमला है।
हैकर्स ने किये 80 से ज्यादा ट्वीट्स
हैकर्स ने स्वच्छ भारत और अन्य मंत्रालयों को टैग करते हुए कई सारे ट्वीट किए। पोस्ट किए गए ट्वीट्स में कुछ संभावित बॉट अकाउंट्स और कुछ रियल अकाउंट्स को भी टैग किया गया। हैकर्स ने 80 से ज्यादा ट्वीट किए थे। कुछ ट्वीट्स में पाकिस्तानी अकाउंट्स को भी टैग किया गया और क्रिप्टो-आधारित ट्विटर अकाउंट के लिंक भी हैं।
हैकर्स ने मंत्रालय की प्रोफाइल पिक्चर भी बदली
हैकिंग का मामला तब सामने आया जब आज सुबह जल शक्ति मंत्रालय के खाते से पहली बार क्रिप्टो वॉलेट सुई वॉलेट को बढ़ावा देने वाला एक ट्वीट पोस्ट किया गया। इसके अलावा, सुई का लोगो के साथ खाते की प्रोफाइल तस्वीर भी बदल दी गई थी।
देश में लगातार बढ़ रहे साइबर हमले
ट्विटर अकाउंट हैक होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी साल फरवरी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया था और इसमें क्रिप्टो दान पर ट्वीट्स किए गए। इससे पहले इसी साल जनवरी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ट्विटर अकाउंट को कुछ समय के लिए हैक किया गया था और हैकर्स ने अकाउंट का नाम बदल दिया था।

