बीरेंद्र कुमार झा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। जगदीश शेट्टार ने कहा वह पार्टी और विधानसभा दोनों से इस्तीफा देंगे।
कर्नाटक चुनाव लड़ने पर अड़े जगदीश शेट्टार
कांग्रेस के राज्य की सत्ता में रहने के दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे जगदीश शेट्टार ने यह भी कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव निश्चित रूप से लड़ेंगे।
जगदीश शेट्टार ने पार्टी पर लगाया अपमानित करने का आरोप
जगदीश शेट्टार ने भारतीय जनता पार्टी में अपने योगदान और राज्य में प्रमुख पदों पर अपनी जिम्मेदारियों को याद करते हुए कहा कि जिस तरह से मुझे अपमानित किया गया, उससे मैं परेशान हूं।ऐसे में मैंने सोचा कि मुझे उन्हें चुनौती देनी चाहिए। इसलिए मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है। मैं सिरसी जाऊंगा और विधानसभा से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दूंगा ।आखिर में मैं उस पार्टी से भी इस्तीफा दे दूंगा,जिसे मैंने इस पार्टी को इस राज्य में बनाया था ।
जगदीश शेट्टार ने साजिश रचने का लगाया आरोप
लिंगायत नेता जगदीश शेट्टार ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश रची गई है।इससे पहले शनिवार रात को ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान ने जगदीश शेट्टार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। उनलोगों ने शेट्टार से युवाओं के लिए रास्ता बनाने के वास्ते 10 मई को होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा। बोम्मई, जोशी और प्रधान के साथ बैठक से पहले शेट्टार ने संवाददाताओं से कहा था कि उन्हें अपने परिवार के किसी भी सदस्य को चुनाव लड़ने की पेशकश की गई है, लेकिन वे इसके लिए सहमत नहीं हैं।

