बीरेंद्र कुमार झा
अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कड़ी चुनौती देने की रणनीति पर चर्चा कर रहे 26 विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव रिलायंस (INDIA ) रखा गया है। इस बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत विपक्ष के कई बड़े चेहरे शामिल हुए। गौरतलब है इंडिया नाम का प्रस्ताव कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिया था। इस नाम का संकेत देते हुए कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने ट्वीट किया था ‘ इंडिया की जीत होगी’ वहीं तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट कर कहा ‘ चक दे इंडिया’ .मंगलवार 18 जुलाई को बैठक खत्म होने के बाद इस बैठक की जानकारी देते हुए प्रेस वार्ता की गई, जिसमें बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का खुलासा किया गया।
1 कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यह जरूरी बैठक था ,और देश के लिए यह बैठक रखी गई थी। आगे उन्होंने कहा कि गठबंधन के नए नाम इंडिया पर सभी ने सहमति जताई है। इसके अलावा कई मुद्दों पर चर्चा की गई ताकि बीजेपी और एनडीए की इस नीति को हराया जा सके। आगे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में होगी ।तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। 11 सदस्य समन्वय समिति गठित की जाएगी । समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा मुंबई में की जाएगी।
2 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि एनडीए क्या इंडिया को चुनौती दे सकते हैं ? साथ ही उन्होंने कहा कि आज से हमारे लिए नई चुनौती शुरू हो गई है।उन्होंने बीजेपी को घेरते हुए आगे कहा कि बीजेपी का काम सरकार बेचना और खरीदना हो गया है।
3 दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। ऐसे में विपक्षी एकता का कुनबा बढ़ता देख खुशी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। दिल्ली के सीएम ने आगे बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि पिछले 9 साल में पीएम मोदी बहुत कुछ कर सकते थे, लेकिन उन्होंने सभी क्षेत्रों को बर्बाद कर दिया।हम यहां अपने लिए नहीं बल्कि देश को नफरत से बचाने के लिए इकट्ठा हुए हैं।
4 महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि लड़ाई जीतने का हमें पक्का भरोसा है।साथ ही उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सत्ता की नहीं, देश की है इसलिए जनता को हम कहेंगे कि डरो मत, हम हैं ।आगे उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज यह हमारी दूसरी सफल बैठक थी।देश हमारा परिवार है और हम अपने परिवार को बचाने के लिए मिल रहे हैं। इस गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में होगी, जहां हम गठबंधन को और मजबूती प्रदान करेंगे।
5 राहुल गांधी ने कहा कि इस बैठक में बहुत कुछ अच्छा निकल कर आया है। हमारी लड़ाई बीजेपी की विचारधारा और उसके सोच के खिलाफ है।देश में बेरोजगारी है, देश का पूरा धन चुने हुए लोगों के हाथ में जा रहा है।हम इसका विरोध कर रहे हैं। बैठक के दौरान भी चर्चा हुई की लड़ाई किसके बीच है ?लड़ाई सत्ता और विपक्ष के बीच नहीं है। देश की आवाज के लिए है ।इसलिए यह नाम इंडिया चुना गया है। आगे उन्होंने कहा कि यह लड़ाई एनडीए और इंडिया के बीच में है। ऐसे में हम सब मिलकर काम करेंगे और इस लड़ाई को लड़ेंगे।
6 इस बैठक के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी का इरादा अपने लिए सत्ता संभालने का नहीं है। यह हमारे संविधान ,लोकतंत्र धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए है।उन्होंने आगे कहा कि राज्य स्तर पर हमारे बीच कुछ मतभेद हैं, लेकिन ये मतभेद इतने बड़े नहीं हैं कि हम महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों की भलाई के लिए इन्हें दूर नहीं कर सके।
