मच्छर या कीड़ा काटे तो खुजली करने से पहले 2 बार सोचें, रिसर्च में हुआ बेहद चौंकाने वाला खुलासा

0
7

मच्छर, मक्खी या किसी दूसरे कीड़े के काटने के बाद खुजली होना आम बात है।ऐसे में ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे उस जगह को खुजलाने लगते हैं, क्योंकि इससे कुछ देर के लिए राहत मिलती है। लेकिन एक नई रिसर्च बताती है कि यह राहत सिर्फ थोड़ी देर की होती है। बार-बार खुजलाने से सूजन, जलन और खुजली पहले से ज्यादा बढ़ सकती है।

रिसर्चर के मुताबिक, डॉक्टर लंबे समय से लोगों को सलाह देते रहे हैं कि कीड़े के काटने या एलर्जी वाली जगह को ज्यादा न खुजलाएं। अब साइंटिस्ट ने यह भी समझ लिया है कि ऐसा करने से शरीर के अंदर आखिर क्या होता है। इस रिसर्च के लिए साइंटिस्ट ने चूहों पर स्टडी किया और पाया कि खुजलाने से शरीर की इम्यून सिस्टम ज्यादा सक्रिय हो जाती है, जिससे प्रभावित हिस्से में सूजन और खुजली बढ़ जाती है।

अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग के स्किन रोग एक्सपर्ट डॉ. डैनियल कैपलन और उनकी टीम ने इस स्टडी में चूहों की त्वचा पर एलर्जी पैदा करने वाला पदार्थ लगाया। जिन चूहों ने खुजलाया, उनके शरीर में सूजन बढ़ाने वाली इम्यून सिस्टम तेजी से उस जगह पहुंच गईं।वहीं जिन चूहों को खुजलाने से रोका गया, उनमें सूजन काफी कम रही।इससे साफ हुआ कि खुजलाना खुद समस्या को और बढ़ा देता है। डॉ. कैपलन का कहना है कि अगर मच्छर काटने के बाद उसे बिल्कुल न खुजलाया जाए, तो ज्यादातर लोगों में खुजली 5 से 10 मिनट के भीतर कम होने लगती है। लेकिन अगर उसी जगह को बार-बार खुजलाया जाए, तो वही छोटा-सा दाना कई दिनों तक परेशान कर सकता है।

रिसर्च में यह भी सामने आया कि खुजलाने पर शरीर की दर्द महसूस करने वाली नसें सक्रिय हो जाती हैं। इसके बाद सब्सटेंस पी नाम का एक केमिकल मैसेंजरनिकलता है, जो त्वचा में मौजूद मास्ट सेल्स को सक्रिय कर देता है।ये सेल्स हिस्टामिन जैसे रसायन छोड़ती हैं, जिससे खुजली और सूजन दोनों बढ़ जाती हैं।यही वजह है कि खुजलाने के बाद कुछ देर राहत जरूर मिलती है, लेकिन बाद में परेशानी और बढ़ जाती है।

हालांकि वैज्ञानिकों का मानना है कि हल्का-सा खुजलाने से शरीर को एक छोटा फायदा भी मिल सकता है।स्टडी में देखा गया कि खुजलाने वाले चूहों की त्वचा पर कुछ बैक्टीरिया की मात्रा कम थी। माना जा रहा है कि सूजन की वजह से शरीर कुछ हानिकारक जीवाणुओं से लड़ने में मदद करता है। लेकिन एक्सपर्ट स्पष्ट कहते हैं कि यह फायदा इतना बड़ा नहीं है कि खुजलाने की आदत को सही माना जाए।

अगर मच्छर, मक्खी या किसी कीड़े के काटने के बाद तेज खुजली हो रही है, तो उसे नाखूनों से खुजलाने की बजाय हाइड्रोकार्टिसोन क्रीम, कैलामाइन लोशन या मेंथॉल युक्त एंटी-इच क्रीम का इस्तेमाल किया जा सकता है।इससे खुजली शांत होती है और त्वचा को नुकसान पहुंचने का खतरा भी कम रहता है। एक्सपर्ट के अनुसार, खुजली को सहन करना भले ही आसान न हो, लेकिन बार-बार खुजलाने से बचना ही त्वचा को जल्दी ठीक होने का सबसे बेहतर तरीका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here