हिम्मत है तो राहुल गांधी हैदराबाद में करें छात्रों से बात,केटीआर ने दिया खुला चैलेंज

0
3

भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। केटीआर ने राहुल गांधी को तेलंगाना आने और राज्य के छात्रों की समस्याओं को सुनने की चुनौती दी। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर रोजगार और शिक्षा से जुड़े वादों को पूरा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। राहुल गांधी के चल रहे छात्रों की गूंज अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए केटीआर ने कहा कि कांग्रेस नेता को दूसरी जगहों पर छात्रों के मुद्दों पर बात करने से पहले तेलंगाना के हालात को समझना चाहिए।

केटीआर ने कहा कि राहुल गांधी, क्या आपको यहां के छात्रों की आवाज सुनाई नहीं देती? क्या आप उनकी बात नहीं सुन सकते? तेलंगाना आइए। हैदराबाद के अशोक नगर या करीमनगर आइए। हम आपकी पूरी मेहमाननवाजी करेंगे, लेकिन आइए और हमारे छात्रों से बात कीजिए। हैदराबाद के अशोक नगर में चुनाव से पहले युवाओं के साथ राहुल गांधी की बातचीत का जिक्र करते हुए केटीआर ने हर साल दो लाख सरकारी नौकरियां देने के कांग्रेस के वादे की स्थिति पर सवाल उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं को जो बेरोजगार युवा दिखाई देते थे। पार्टी के सत्ता में आने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। केटीआर ने पूछा कि आपने दो लाख नौकरियां देने का वादा किया था। उस वादे का क्या हुआ? अब आप कहां हैं? उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की भी आलोचना की और दावा किया कि नौकरी के लिए जिस कैलेंडर का वादा किया गया था, वह उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई नौकरी कैलेंडर नहीं है, बस एक ‘स्कैम कैलेंडर’ और ‘गाली-गलौज वाला कैलेंडर’ है।

केटीआर की ये टिप्पणियां तेलंगाना में छात्रों के लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आई हैं। करीमनगर समेत कई जगहों पर पॉलिटेक्निक छात्रों ने हाल ही में GO 97 के तहत पॉलिटेक्निक शिक्षा को ‘यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी’ में मिलाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। राहुल गांधी का छात्रों की गूंज अभियान परीक्षा में गड़बड़ियों, पेपर लीक और रोज़गार जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here