विकास कुमार
पश्चिम बंगाल से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है,यहां एक महिला ने आई फोन खरीदने के लिए मासूम बच्चे को दो लाख रुपए में बेच दिया है। ये जानकर आप हैरान रह जाएंगे कि उन्होंने अपना बच्चा गरीबी के चलते नहीं बल्कि आई फोन खरीदने के लिए बेचा है। वे आई फोन इसलिए खरीदना चाहते थे क्योंकि उन्हें अच्छी रील बनानी थी। वहीं मामले का खुलासा होने के बाद बच्चे को बेचने के आरोप में मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस अजीबो गरीब मामले का खुलासा तब हुआ जब आसपास के लोगों को मियां बीवी पर शक हुआ। मोहल्ले के लोगों ने पाया कि मासूम बच्चा लापता है,पड़ोसियों ने नजर रखनी शुरू की तो पाया कि बच्चा गायब है। वहीं उन्होंने महिला के पास नया आईफोन 14 भी देखा, और हैरानी की बात ये थी कि वह बच्चा गायब होने पर परेशान भी नहीं थी।
वहीं आरोपी के पड़ोस में ये घटना जंगल के आग की तरह फैल गई है,जो भी महिला की इस हरकत के बारे में सुनता है वही हैरान रह जाता है। वहीं पड़ोसियों ने इस हैरान करने वाली घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की तो उनके भी होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी महिला शुक्ला दास को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्चे को पैसे के बदले में गोद लेने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना से देश की जनता हैरान रह गई है।

