रसोई में कैसे लगाएं डिशवॉशर, कितनी चाहिए जगह और क्या आएगा खर्च?

0
6

भारतीय जहां ज्यादातर होम अप्लायंस अपनाने से झिझकते नहीं, वहीं डिशवॉशर को लेकर आज भी लोग दुविधा में रहते हैं कि उन्हें इसकी जरूरत है या नहीं। दरअसल आज भी ज्यादातर लोग डिशवॉशर को पश्चिमी देशों की जरूरत मानते हैं। हालांकि, अगर आप रोज-रोज बाई के न आने के झंझट, सिंक में जमा बर्तनों के ढेर और हाथ से रगड़ने की मेहनत से परेशान हैं, तो डिशवॉशर आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है।

घर में डिशवॉशर लगाने के सवाल पर लोगों के मन में रसोई में जगह बनाने से लेकर बजट, पानी-बिजली की खपत और क्षमता आदि को लेकर तमाम तरह के सवाल रहते हैं। इन सवालों के जवाब पाकर आप भी आसानी से तय कर सकते हैं कि आपको अपने घर में डिशवॉशर लाना चाहिए या नहीं।

डिशवॉशर उनके लिए बेहद पैसा वसूल है जिनके पास समय की कमी है और घरेलू सहायिका पर निर्भरता सिरदर्द बन चुकी है।डिशवॉशर 60 से 70 डिग्री सेल्सियस तापमान पर बर्तन धोता है, जिसकी वजह से बैक्टीरिया, चिकनाई और सफाई के नजरिए से किसी तरह की समस्या नहीं आती।बात पानी की खपत की हो, तो जहां हाथों से बर्तन धोने पर 40 से 50 लीटर पानी बह जाता है, वहीं डिशवॉशर एक साइकिल में यह सिर्फ 9 से 12 लीटर पानी खर्च करता है।
हालांकि, अगर आप घर में बहुत ज्यादा एल्युमिनियम या कच्चे लोहे के बर्तन इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें डिशवॉशर में साफ नहीं कर पाएंगे।

एक डिशवॉशर को लगवाने से पहले लोगों को यह समझने में मुश्किल होती है कि डिशवॉशर उनकी रसोई में कितनी जगह लेगा? एक नॉर्मल डिशवॉशर की आमतौर पर चौड़ाई और लंबाई आमतौर पर 60×60 सेंटीमीटर और ऊंचाई करीब 85 सेंटीमीटर होती है।

डिशवॉशर को किचन सिंक के ठीक बगल में लगाना सबसे बेहतर माना जाता है। ऐसा इसलिए ताकि पानी का इनलेट कनेक्शन और ड्रेनेज पाइप आसानी से कनेक्ट किए जा सकें।
हालांकि, अगर आपके पास अलग किसी जगह पर इनलेट कनेक्ट और ड्रेनेज पाइप की जगह है, तो आप वहीं रखकर भी डिशवॉशर को इस्तेमाल कर सकते हैं। भले वह जगह रसोई से अलग ही क्यों न हो।
अगर आपके घर में जगह की कमी है, तो आप 8 प्लेस सेटिंग वाला टेबल-टॉप मॉडल ले सकते हैं। इसे आप माइक्रोवेव जितनी जगह में किचन काउंटर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।इसके अलावा डिशवॉशर को काम करने के लिए 16 एंपियर के पावर सॉकेट की भी जरूरत होती है।

डिशवॉश की क्षमता प्लेस सेटिंग में मापी जाती है। यहां प्लेस सेटिंग का मतलब एक व्यक्ति की थाली, कटोरी, ग्लास, चम्मच और कप से होता है। अगर आपका परिवार 2 से 3 सदस्यों का है, तो आपके लिए 8 से 10 प्लेस सेटिंग वाला मॉडल सही रहता है।

वहीं 4-6 सदस्यों वाले भारतीय परिवार के लिए 12 से 14 प्लेस सेटिंग वाला मॉडल सबसे सही रहता है। इसमें रोजमर्रा के खाने के बर्तनों के साथ-साथ कढ़ाई और कुकर जैसी बड़ी चीजें भी आसानी से एडजस्ट हो जाते हैं।वहीं 6 से ज्यादा सदस्यों वाले संयुक्त परिवार के लिए 15 या 16 प्लेस सेटिंग वाले मॉडल बेहतर रहते हैं।
एक फुल साइज डिशवॉशर 25,000 से 45,000 रुपये में खरीदे जा सकते हैं। वहीं प्रीमियम फीचर्स वाले मॉडल 60,000 रुपये तक के भी आते हैं।

इसके अलावा डिशवॉशर को चलाने का खर्च लगभग 400 से 600 रुपये महीने बैठता है। बिजली खपत के मामले में इको-मोड पर एक वॉश साइकिल में 1 से 1.2 यूनिट बिजली खर्च होती है। इससे बिजली बिल में ज्यादा फर्क देखने को नहीं मिलता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here