संसद का विशेष सत्र : कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने पूछा यह अमृतकाल कहाँ से लाया गया ?

0
132


न्यूज़ डेस्क 
आज संसद के विशेष सत्र के पहले दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने खूब भाषण दिए। पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शानदार भाषण देकर सबको अपनी तरफ आकर्षित किया उसके बाद विपक्ष के नेताओं ने सरकार पर हमला करना शुरू किया। अपना भाषण देकर जब प्रधानमंत्री संसद से बाहर निकलने लगे तो विपक्षी नेताओं   की तरफ से उनके जाने को लेकर कटाक्ष किया गया। भाषण देने के लिए खड़े हुए अधीर रंजन चौधरी भी इस पर बोलते नजर आए। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी सवाल उठाया। सत्तापक्ष की टोका-टाकी के बीच सोनिया गांधी कई बार चौधरी को ‘ कैरी ऑन, कैरी ऑन’ कहकर उनका उत्साह बढ़ाती नजर आईं।                         
   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद विपक्ष की तरफ से बोलते हुए लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्रियों मनमोहन सिंह और जवाहर लाल नेहरू का नाम लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को मॉडर्न इंडिया का आर्किटेक्ट बताते हुए कहा कि उन्होंने एक कठिन समय में देश की बागडोर संभाली थी।
                       चौधरी ने 14-15 अगस्त, 1947 को आधी रात में संविधान सभा में जवाहर लाल नेहरू द्वारा दिए गए ऐतिहासिक भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ को याद करते हुए कहा कि जवाहर लाल नेहरू के साथ ही उस समय संविधान सभा के हर सदस्य ने यह शपथ ली थी कि सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएंगे। नेहरू की दूरदर्शिता और विक्रम साराभाई की अगुवाई में इसरो बना, 1975 में देश ने आर्यभट्ट सैटेलाइट लॉन्च किया। लेकिन, आज इंडिया और भारत की बात करने वाले बताएं कि चंद्रयान-3 की कामयाबी के बाद अब इसरो को क्या कहेंगे, उसमें भी इंडिया लगा है।
                    अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में एनडीए के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जमकर तारीफ करते हुए मोदी सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह मौन नहीं थे, वह बात कम और काम ज्यादा करते थे। चौधरी ने मोदी सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यह 75 साल का अमृतकाल कहां से लाया गया? विपक्षी दलों के प्रति मोदी सरकार के रवैये पर सवाल खड़ा करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि वे तो यह चाहते हैं कि आज की हालत में संसद में ऐसी परंपरा शुरू की जाए कि विपक्ष के लिए भी एक दिन रखा जाए, जिस दिन सिर्फ विपक्ष ही बोले।
                      अधीर रंजन चौधरी ने सरकार से महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग करते हुए कहा कि उनकी नेता सोनिया गांधी ने कई बार महिला आरक्षण लाने की मांग की, उन्हीं की अगुवाई में उनकी सरकार के समय राज्यसभा से महिला आरक्षण बिल पास हुआ था, लेकिन, यह अभी तक साकार नहीं हो पाया है, यह देशवासियों की मांग है कि सरकार महिला आरक्षण बिल को पारित करें। उन्होंने सदन की गरिमा का मसला उठाते हुए कहा कि उन्हें पता नहीं है कि यह नॉर्मल सत्र है या विशेष सत्र है। उन्हें मीडिया से पता लगा कि यह विशेष सत्र है।
                  अधीर रंजन चौधरी ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मसला उठाते हुए मणिपुर और जम्मू कश्मीर के हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये लोग (मोदी सरकार) नरेगा को मरेगा कहते थे। संसद में अल्पसंख्यक सांसदों के कम संख्या में होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।अधीर रंजन चौधरी ने ‘ओल्ड इज ऑलवेज गोल्ड’ की बात कहते हुए कहा कि हम नए संसद में जाएंगे लेकिन पुराने को याद रखेंगे। चौधरी ने फिल्म स्टार राजेश खन्ना के फेमस डायलॉग ‘जिदंगी बड़ी होनी चाहिए, लंबी नहीं’ के साथ अपना भाषण खत्म किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here