39 Naga remains returned from UK: औपनिवेशिक दौर में नगालैंड से ले जाए गए नागा समुदाय के 39 मानव अवशेषों की वापसी का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड स्थित पिट रिवर्स संग्रहालय ने सोमवार को इन अवशेषों को नगालैंड से आए प्रतिनिधिमंडल को औपचारिक रूप से सौंप दिया। इनमें ज्यादातर खोपड़ियां शामिल हैं, जिन्हें दशकों से संग्रहालय में रखा गया था।
अवशेषों को अब नगालैंड ले जाया जाएगा, जहां एक पार्क में बनाए गए साझा स्मारक में उन्हें सम्मानपूर्वक दफनाया जाएगा। समुदाय के बुजुर्गों का मानना है कि यह पहल उनके पूर्वजों को उचित सम्मान देने के साथ-साथ औपनिवेशिक दौर में मिले जख्मों को भरने की दिशा में भी अहम साबित होगी।
पिट रिवर्स संग्रहालय की निदेशक लौरा वैन ब्रोकहोवेन ने इस वापसी को ऐतिहासिक अवसर बताया। उनके अनुसार, यह ऐसा महत्वपूर्ण घटनाक्रम है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी और अपनी विरासत की कहानियों में शामिल करेंगी।
बताया जाता है कि ये अवशेष 1910 से 1940 के दशक के बीच ऑक्सफोर्ड लाए गए थे। संग्रहालय ने भी स्वीकार किया है कि इनमें से कुछ अवशेष सैन्य अभियानों के दौरान जब्त किए गए थे। इस तरह इनकी वापसी केवल एक औपचारिक हस्तांतरण नहीं, बल्कि नागा समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों के सम्मान से जुड़ा भावनात्मक मामला भी है।
लंबे समय तक इन अवशेषों को संग्रहालय में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाता रहा। हालांकि, औपनिवेशिक विरासत से जुड़ी वस्तुओं को लेकर अपनी नीतियों की समीक्षा के बाद संग्रहालय ने 2020 में इन्हें प्रदर्शन से हटा दिया था। अब प्रतिनिधिमंडल को सौंपे जाने के साथ इनकी अपने समुदाय में वापसी का रास्ता साफ हो गया है।

