बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर एक और लिस्ट कर दी है। इस सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और बीएल वर्मा का नाम नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में दो महिलाओं के नाम शामिल हैं। बीजेपी ने प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार को टिकट दिया है।
हालांकि, इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाली बात यही है कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और बनवारी लाल वर्मा का नाम गायब है। इसी के साथ ये भी चर्चा शुरू हो गई कि क्या दोनों ही दिग्गजों की अब मोदी कैबिनेट से भी छुट्टी हो जाएगी। बीजेपी ने जिस तरह से राज्यसभा चुनाव में 8 सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए इससे साफ है कि हरदीप पुरी इस बार यूपी से राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 तक है।
ऐसे में चर्चा यही है कि उच्च सदन से आउट होने के बाद वो केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी बाहर हो सकते हैं। उनके साथ-साथ केंद्रीय मंत्री बनवारी लाल वर्मा को भी राज्यसभा टिकट नहीं मिला है। उन्हें भी साल 2020 में यूपी से राज्यसभा भेजा गया था। हालांकि, अब उन्हें बीजेपी लिस्ट में टिकट नहीं मिला है, इसका मतलब यह हो सकता है कि उन्हें केंद्रीय कैबिनेट से भी आउट होना पड़े।
यूपी से बीजेपी की राज्यसभा लिस्ट में हरदीप पुरी और बीएल वर्मा के अलावा तीन और नाम जो चर्चा में चल रहे थे उसमें स्मृति ईरानी, वरुण गांधी, संजीव बाल्यान का भी जिक्र था। इनके अलावा कवि कुमार विश्वास को भी बीजेपी से राज्यसभा भेजने की अटकले लग रही थीं। हालांकि, बीजेपी ने अपनी लिस्ट से सभी को चौंका दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के जातीय गणित को साधते हुए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। इसमें महिलाओं की नुमाइंदगी पर भी खास फोकस किया गया है।
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से 8 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में दो महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी की लिस्ट में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।
उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे , जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म हो रहा है। इसकी वजह से इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक सीट खाली हुई है। यहां से तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य रुक्मिणी मल्लिक ने 16 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था। इसी खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव होगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तक है।
7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर शुक्रवार तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
वोटिंग का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी।
चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

