पटना: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बिहार में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत सरकार की ओर से 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ना और उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
‘तिरंगे के रंग में रंगेगा बिहार’
नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने वाला व्यापक राष्ट्रीय अभियान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह अभियान देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेगा। मंत्री ने अपने संदेश में कहा, “तिरंगे के रंग में रंगेगा बिहार।”
बाइक से साइकिल तक निकलेगी तिरंगा रैली
नगर निकायों को अपने क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं, नागरिकों और सामाजिक संगठनों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इनमें बाइक तिरंगा रैली, साइकिल तिरंगा रैली और कार तिरंगा रैली के साथ-साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन शामिल है।
इसके अलावा राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी जोर दिया गया है।
सोशल मीडिया के जरिए भी जुड़ेगा बिहार
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को डिजिटल माध्यम से भी व्यापक बनाने की तैयारी है। नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में डिजिटल रूप से भाग ले सकेंगे।
प्रेस नोट के मुताबिक, डिजिटल रूप से भाग लेने वाले नागरिक सहभागिता प्रमाण-पत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं। नगर निकायों को लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने और अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल सहभागिता के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
हर घर तक पहुंचेगा राष्ट्रीय ध्वज
अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निकायों को पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों को निःशुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। राष्ट्रीय ध्वज जीविका से खरीदे जा सकते हैं।
सामाजिक संगठनों और संस्थानों को भी जोड़ने की तैयारी
मंत्री ने नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार समितियों और नागरिक समूहों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा है।
इसका उद्देश्य अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी वाले अभियान का स्वरूप देना है।
राष्ट्रभक्ति और नागरिक सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा
नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बिहार में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सभी नगर निकायों से अभियान को उत्साह और प्रभावी तरीके से संचालित करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें शामिल हों और बिहार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एक व्यापक जन-अभियान के रूप में दिखाई दे।

