हर घर तिरंगा-2026: बिहार में गांव-गांव गूंजा देशभक्ति का संदेश, पैक्स और सहकारी समितियों ने निकाली बाइक रैली

0
4

Har Ghar Tiranga Campaign: ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत बिहार में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए सहकारिता विभाग ने व्यापक कार्यक्रम शुरू किया है। राज्यभर में जिला स्तरीय सहकारी बैंकों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स और अन्य सहकारी संस्थाओं की ओर से बाइक रैली और तिरंगा यात्रा निकाली गई।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय भावना को गांव-गांव तक पहुंचाना और लोगों को तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ना है।

 पैक्स से लेकर सहकारी संस्थाएं तक अभियान में शामिल

सहकारिता विभाग के निर्देश पर राज्य के अलग-अलग जिलों में सहकारी संस्थाओं से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और सदस्य अभियान में शामिल हुए। जिला मुख्यालयों के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरने वाली बाइक रैलियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

वहीं, पंचायत स्तर पर भी तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और देशभक्ति का संदेश दिया।

17 अगस्त तक चलेगा अभियान

सहकारिता विभाग के अनुसार ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को 17 अगस्त 2026 तक जारी रखा जाएगा। आने वाले दिनों में जिला और पंचायत स्तर पर कई अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक आयोजन, प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसके जरिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है।

गांव-गांव तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाने पर जोर

सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहकारिता क्षेत्र की अहम भूमिका है। विभाग का नेटवर्क पंचायत स्तर तक फैला हुआ है और इसी मजबूत पहुंच का इस्तेमाल ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए आम लोगों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

तिरंगे के साथ जुड़ेंगे ग्रामीण क्षेत्र के लोग

बिहार में सहकारिता विभाग के व्यापक नेटवर्क के कारण इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने पर खास जोर दिया जा रहा है। बाइक रैली और तिरंगा यात्रा के बाद अगले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।

सरकार और विभाग का प्रयास है कि ‘हर घर तिरंगा-2026’ केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि पंचायत और गांव स्तर तक लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here