Ayodhya Ram Mandir:अयोध्या में आस्था का सैलाब, 5 लाख श्रद्धालुओं ने किये रामलला के दर्शन

0
125

न्यूज डेस्क
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन मंदिर मंगलवार को जब श्रद्धालुओं के लिए खुला,तो रामभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर खुलने का समय सुबह सात बजे है,लेकिन रामजन्मभूमि पथ पर तड़के तीन बजे से ही श्रद्धालु डट चुके थे। भक्तों की आस्था ने दर्शन का भी नया रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार को पांच लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में रात नौ बजे तक दर्शन कराये गये। इंतजाम सुचारु बनाने के लिए शाम को सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने अयोध्या पहुंच श्रद्धालुओं से धैर्य रखने का आग्रह किया। इस बीच अयोध्या आने वाले रोडवेज बसों को भी रोकना पड़ा।

अयोध्या के मंडल आयुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंदिर का मुख्य मार्ग रामपथ दिनभर श्रद्धालुओ से अटा रहा। उत्साह इस कदर था कि सुबह भीषण शीतलहर के बावजूद हजारों श्रद्धालु सर्पाकार कतारों में भक्तिभाव में लीन होकर मंदिर खुलने का इंतजार करते दिखे। इनमे से अधिकतर तीन दिन से यहीं रुके थे। रामपथ, धर्मपथ व रामजन्मभूमि पथ पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। बाहरी वाहनों के रोक के बावजूद श्रद्धालु पैदल ही अयोध्या पहुंच गये थे। मंदिर खुलते ही भक्त उमड़ पड़े। हालांकि दर्शन के लिए उन्हें कुछ पल का ही समय मिल पाया। दोपहर करीब दो घंटे हुजूम इतना बढ़ा कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी जूझते दिखे। अयोध्या में दिनभर श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोपहर में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत ​कुमार को रामनगरी में व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए भेजा। दोपहर में यहां पहुंचे दोनो अधिकारियों ने कमिश्नर गौरव दयाल ,आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार और एसएसी राजकरण नय्यर से चर्चा कर हुजूम को नियंत्रित करने के उपाय लागू कराए। बाद में शाम करीब सवा चार बजे सीएम योगी खुद अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पहले हेलिकाप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया,फिर राममंदिर पहुंचे।

मंदिर परिषर पहुंचने के बाद सीएम योगी ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए लागू की गयी व्यवस्था को परखा। उन्होंने प्रमुख सचिव गृह व डीजी प्रशांत से रिपोर्ट ली। सीएम ने माइक के जरिए मंदिर और अयोध्याधाम में मौजूद रामभक्तों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु धैर्य बनाए रखें। किसी को निराश नहीं करेंगे, सभी को दर्शन कराये जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here