बिहार में अमूल का बड़ा निवेश, फतुहा में 200 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक डेयरी यूनिट स्थापित होगी

0
26

पटना: बिहार के डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। देश की प्रमुख डेयरी संस्था अमूल अब बिहार में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक डेयरी प्रसंस्करण एवं विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) ने मंजूरी दे दी है।

नई डेयरी यूनिट पटना जिले के औद्योगिक क्षेत्र फतुहा में स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से राज्य में डेयरी प्रसंस्करण क्षमता बढ़ेगी, किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

13 एकड़ में बनेगा हाईटेक डेयरी प्लांट

जानकारी के अनुसार, अमूल की यह आधुनिक डेयरी इकाई लगभग 13 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। यहां दूध और विभिन्न ताजा डेयरी उत्पादों का उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग की जाएगी। परियोजना के शुरू होने के बाद बिहार के डेयरी उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है।

200 लोगों को मिलेगा रोजगार

इस परियोजना से लगभग 200 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। साथ ही डेयरी क्षेत्र से जुड़े हजारों किसानों और दुग्ध उत्पादकों को भी इसका लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में दुग्ध मूल्य श्रृंखला और मजबूत होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा

अमूल की नई इकाई शुरू होने के बाद स्थानीय दूध उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। इससे किसानों को उचित मूल्य मिलने के साथ-साथ डेयरी व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का मानना है कि यह परियोजना बिहार में दुग्ध उत्पादन और डेयरी आधारित उद्योगों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

BIADA की बैठक में मिली मंजूरी

उद्योग विभाग के सचिव सह बीआईएडीए एवं आएडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में हुई परियोजना समाशोधन समिति की बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि और प्लग एंड प्ले शेड आवंटन से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया गया। इसी बैठक में अमूल डेयरी की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

बिहार को डेयरी और फूड प्रोसेसिंग हब बनाने की तैयारी

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार कृषि और पशुपालन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में होने वाला यह बड़ा निवेश ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, किसानों की आय बढ़ाएगा और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा देगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार को कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।

निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। डेयरी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में बढ़ते निवेश से राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार तथा कौशल विकास के अवसर बढ़ेंगे।

अमूल की इस नई परियोजना को बिहार के डेयरी क्षेत्र में एक बड़े निवेश के रूप में देखा जा रहा है, जो राज्य में औद्योगिक विकास और ग्रामीण समृद्धि दोनों को नई दिशा दे सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here