Bihar News: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook Live पर हाथ में पिस्टल लहराते हुए और हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो बना रहा था। सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस लगातार करती रही आत्मसमर्पण की अपील
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने भरत भूषण तिवारी को कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। हालांकि, उसने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए अपने पास मौजूद पिस्टल से रुक-रुक कर फायरिंग जारी रखी। स्थिति को देखते हुए पुलिस और एसटीएफ ने आम लोगों और जवानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की रणनीति बनाई।
बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर आगे बढ़ी STF टीम
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ के जवान बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर आरोपी की क्लोज कॉर्डनिंग कर रहे थे। इसी दौरान भरत भूषण ने जवानों को अपनी ओर बढ़ता देख पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि लगातार हो रही फायरिंग के बीच आत्मरक्षा और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई की गई।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भरत भूषण तिवारी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल इलाज के लिए PMCH पटना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के बाद मौके से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैग्जीन और दो खोखे बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया लाइव से शुरू हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, पूरा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब युवक द्वारा हथियार लहराने और फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित किया जा रहा था। वीडियो की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

