न्यूज़ डेस्क
आज चुनाव आयो ने पांच राज्यों में होने वाले चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। चुनाव आयोग के इस ऐलान के साथ ही आज आचार संहिता लागू हो गई। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि राजस्थान में 23 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होने वाली है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि मिजोरम में सबसे पहले चुनाव करवाए जाएंगे। मिजोरम में 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया है कि पांच राज्यों में चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को जारी कर दिए जाएंगे। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, उसमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने बताया है कि छत्तीसगढ़ में दो फेज में वोटिंग करवाई जाएगी. इसमें पहले फेज में 7 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि दूसरे फेज की वोटिंग 17 नवंबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 17,734 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 621 पोलिंग स्टेशन के प्रबंधन का जिम्मा पीडब्ल्यूडी स्टाफ के पास होगा। 8,192 पोलिंग स्टेशन का जिम्मा महिलाएं संभालने वाली हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पांच राज्यों के 679 विधानसभा सीटों में 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
राजीव कुमार ने बताया है कि पांच राज्यों में 8.2 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को वोटिंग लिस्ट जारी होगी, 23 अक्टूबर तक वोटिंग लिस्ट में सुधार का मौका मिलेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि किस राज्य में कितने लोग वोट डालने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 60 लाख युवा वोटर्स पहली बार वोट डालने वाले हैं। मिजोरम में कुल मिलाकर 8.52 लाख वोटर्स हैं। छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.25 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ वोटर्स हैं।

