क्या आप भी सुबह उठते ही WhatsApp Groups के 100+ Unread Messages देखकर परेशान हो जाते हैं? अगर हां, तो अब मेटा आपके लिए एक नया और कमाल का अपडेट लाया है। WhatsApp ग्रुप चैट्स को ज्यादा स्मार्ट, काम का और कम अनऑर्गेनाइज्ड बनाने के लिए कंपनी ने 3 नए अपडेट्स ऐप में शामिल किए हैं।वॉट्सऐप के नए अपडेट में अब ग्रुप में टाइम-बाउंड पोल से लेकर एडमिन्स को खास फीचर शामिल किए गए हैं। अगर आप भी कई वॉट्सऐप ग्रुप्स का हिस्सा हैं, तो ये 3 नए बदलाव आपके चैटिंग अंदाज को पूरी तरह बदल सकते हैं।
वॉट्सऐप ने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए इन तीनों नए फीचर्स का ऐलान किया है। ये फीचर्स हैं पोल, @all मेंशन और बड़े ग्रुप में छोटा ग्रुप बनाना।नए फीचर्स का मकसद यूजर्स को तेजी से फैसले लेने में मदद करना और यह तय करना है कि कोई जरूर मैसेज ग्रुप में खो न जाए।
वॉट्सऐप के ये फीचर्स पूरी तरह से नए नहीं हैं, WhatsApp में पहले से ही पोल और @all मेंशन का ऑप्शन मौजूद था।हालांकि, इस नए अपडेट में मौजूदा फीचर्स को और बेहतर बनाया गया है, साथ ही पुराने ग्रुप से नया ग्रुप बनाने का एक बेहद आसान तरीका भी पेश किया गया है।
WhatsApp ने पोल फीचर को और ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए इसमें तीन बड़े बदलाव किए हैं-
End Time सेट करें:अब यूजर्स पोल के लिए एक डेड लाइन यानी End Time सेट कर सकते हैं।समय पूरा होते ही वोटिंग अपने आप बंद हो जाएगी।यह फीचर तब बहुत काम आएगा जब ग्रुप को किसी तय समय तक कोई फैसला लेना हो।
वोटर का नाम छुपाएं : WhatsApp अब पोल में वोट देने वाले का नाम छुपाने का ऑप्शन दे रहा है।यानी ग्रुप के बाकी सदस्य यह नहीं देख पाएंगे कि किसने किस ऑप्शन को चुना है।इससे लोग बिना किसी झिझक के अपनी सही राय दे सकेंगे।
15 मिनट में पोल एडिट करें:अगर पोल बनाने के बाद आपको उसमें कोई स्पेलिंग की गलती यानी Typo दिखती है या सवाल में बदलाव करना है, तो आप इसे 15 मिनट के अंदर एडिट कर सकते हैं। इसके लिए अब नया पोल बनाने की जरूरत नहीं होगी।
@all मेंशन पर एडमिन्स का कंट्रोल: WhatsApp ग्रुप में सभी को एक साथ टैग करने वाला @all फीचर भी अब और एडवांस हो गया है।32 से ज्यादा मेंबर्स वाले बड़े ग्रुप्स में अब सिर्फ ग्रुप एडमिन्स ही @all मेंशन का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके साथ ही, WhatsApp ने यूजर्स को यह कंट्रोल भी दिया है कि वे इन नोटिफिकेशंस को कैसे पाना चाहते हैं।अगर कोई चाहे तो नोटिफिकेशन सेटिंग्स में जाकर @all के अलर्ट्स को म्यूट भी कर सकता है।
अब बड़े WhatsApp ग्रुप के अंदर किसी खास टॉपिक पर अलग से बातचीत शुरू करना और आसान हो गया है। WhatsApp में अब एक ऐसा फीचर आया है जिसकी मदद से आप किसी पुराने ग्रुप के मेंबर्स को चुनकर सिंगल टैप में नया ग्रुप बना सकते हैं। इसके लिए आपको हर एक व्यक्ति को अलग से मैनुअली ऐड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह फीचर तब काफी फायदेमंद साबित होगा जब किसी बड़े ग्रुप में से कुछ ही लोगों को अलग से कोई प्लान बनाना हो।
WhatsApp का कहना है कि ये नए बदलाव इस साल की शुरुआत में पेश किए गए अन्य ग्रुप फीचर्स का ही एक हिस्सा हैं।इससे पहले कंपनी Group Message History, मेंबर टैग्स और इवेंट रिमाइंडर्स जैसे फीचर्स भी दे चुकी है।

