न्यूज डेस्क
अगर आपके बच्चे ऑनलाइन गेम खेल रहे हैं तो सावधान हो जाइये क्योंकि यूपी पुलिस खासतौर पर गाजियाबाद पुलिस की मानें तो इसके जाल में फंसकर नाबालिग बच्चों का धर्मपरिवर्तन कराने वाला अंतराष्ट्रीय रैकेट सक्रिय है जिसके तार पाकिस्तान से भी जुड़े दिखाई पड़ रहे हैं।
गाजियाबाद में जिस धर्मपरिवर्तन की नई साजिश का खुलासा हुआ है उससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के साथ साथ पूरे देश में हड़कंप मच गया। इस साजिश के तहत ऑनलाइन गेम से नाबालिग बच्चों को फांसने का प्लान उजागर हुआ है। ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में धर्मपरिवर्तन का ‘खुल्ला खेल’ खेला जा रहा है। लेकिन सबसे ज़्यादा चौंकाने वाला पहलू ये सामने आया कि ‘द यूथ क्लब चैनल’ के जरिए नाबालिग बच्चों को टारगेट किया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में एक मौलवी को गिरफ्तार किया था और इसमें बद्दू नाम के एक शख्स की तलाश के लिए गाजियाबाद पुलिस की टीम महाराष्ट्र के कई इलाकों में छानबीन कर रही है। पुलिस को इस मामले में लगातार इनपुट भी मिल रहे हैं। पुलिस को अलग-अलग राज्यों से धर्मांतरण के मामले को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, धर्मांतरण के मामले में पुलिस को लगातार अन्य राज्यों से इनपुट मिल रहा है। 30 मई को नाबालिग के धर्मांतरण मामले में मिली शिकायत के बाद पुलिस ने एक मौलवी को गिरफ्तार किया। इसी मामले में मुख्य आरोपी शनवाज उर्फ बद्दो का नाम सामने आया है जिसकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी निपुण अग्रवाल के मुताबिक, गुजरात से मुंब्रा से एक व्यक्ति का कॉल आया है जिसने पुलिस से कई कॉल रिकॉर्डिग फोटोग्राफ्स, वीडियो आदि शेयर किए हैं और उसने बताया है कि यहां पर काफी संख्या में धर्मांतरण हुए हैं। करीब 400 लोगों का धर्म परिवर्तन की बात फोन करने वाले शख्स ने बताई है। पुलिस अभी उन सब लोगों की डिटेल खंगाल रही है जिन लोगों का धर्म परिवर्तन कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक एक बार गेम के चक्कर में बच्चा उसके जाल में जब पूरी तरह से फंस जाता था तो शाहनवाज जाकिर नायक के वीडियोज भेजता था। हालांकि जाकिर नाइक के वीडियो आमतौर पर हिन्दुस्तान में बैन है लेकिन उनके वो लिंक शेयर करता जिससे बच्चा नमाज पढ़ना सीख सके। इसी तरीके से वो कुरान की आयतें लिखकर भेजता। बाकी तौर तरीके बताकर इस्लाम की तारीफ करता ताकि बच्चा पूरी तरह से उसकी बातों को मानना शुरू कर दे। जब बच्चे को पूरी तरीके से शाहनवाज शीशे में उतार लेता तो यह उनसे कहता कि अपने घर के आस-पास की मस्जिद में जाओ और पांचों वक्त की नमाज पढ़ना शुरू कर दो।

