Bihar News : ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने बुधवार को सारण जिले के 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र (GSS) छपरा और 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र (PSS), तेलपा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली उपकेंद्रों की तकनीकी और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SOP और सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा सचिव ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) रजिस्टर, सुरक्षा उपकरणों और स्विचयार्ड में लगे पावर ट्रांसफार्मरों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
PM सूर्य घर योजना की भी हुई समीक्षा
इसके बाद छपरा सर्किट हाउस में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व संग्रहण और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए और इसका क्रियान्वयन प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने का निर्देश
अजय यादव ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव समेत विद्युत अधीक्षण अभियंता सारण, छपरा पश्चिम, छपरा पूर्वी, सिवान, महाराजगंज, गोपालगंज और मीरगंज के विद्युत कार्यपालक अभियंता तथा अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

