CCCC Crossword Contest 2026: देशभर में आयोजित 14वें इंटर-स्कूल CCCC क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड कॉन्टेस्ट के प्रैक्टिस राउंड में पुणे के सूर्यदत्ता नेशनल स्कूल के छात्र साहिल संदीप सबने ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने एकल प्रतिभागी के रूप में प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर यह उपलब्धि हासिल की।
हैदराबाद की टीम रही उपविजेता, पटना का छात्र तीसरे स्थान पर
इस प्रतियोगिता में हैदराबाद के भारतीय विद्या भवन पब्लिक स्कूल (विद्याश्रम) की अंजलि नंदूरी और आराध्या रंजीथ की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पटना के डॉन बॉस्को अकादमी के धैर्य पांडेय ने तीसरा स्थान हासिल कर बिहार का मान बढ़ाया।
बिहार में DPS पटना के छात्र बने टॉपर
बिहार की बात करें तो DPS पटना के छात्र नन्या देव सिंह ने एकल प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लेते हुए राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, राज्य के विभिन्न जिलों के छात्रों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छोटे शहरों के छात्रों की बढ़ी भागीदारी
इस बार प्रतियोगिता में बिहार के छोटे शहरों से भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। दरभंगा, भागलपुर, अररिया और जमुई जैसे जिलों के छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दरभंगा के सौर्य श्रीवास्तव, भागलपुर की टीम युबराज आनंद और सक्षम सिंह, तथा अररिया के शिवम कुमार झा ने अपने-अपने क्षेत्रों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
बिहार की बेटियों ने भी दिखाया दम
प्रतियोगिता में लड़कियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। आरा, लखीसराय, औरंगाबाद और मुजफ्फरपुर की छात्राओं ने टीम के रूप में शीर्ष स्थान प्राप्त कर यह साबित किया कि प्रतिभा किसी से कम नहीं है।
देश की सबसे बड़ी क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता
‘CCCC’ दुनिया की सबसे बड़ी स्कूल स्तर की क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता मानी जाती है, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में आयोजित होती है। हालांकि प्रैक्टिस राउंड में अंक नहीं दिए जाते, लेकिन यह प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के स्तर को समझने और आगे की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
अब शुरू होगा असली मुकाबला
प्रतियोगिता के तीन ऑनलाइन स्कोरिंग राउंड 12, 19 और 26 अप्रैल को लगातार रविवार के दिन आयोजित किए जाएंगे। इन राउंड्स में सफल प्रतिभागी अगले चरण में पहुंचेंगे, जिसके बाद चयनित छात्र राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे।

