By-Elections 2026: चुनाव आयोग ने देश की छह खाली सीटों के लिए उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इनमें तमिलनाडु की दो, पुडुचेरी की एक और पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटें शामिल हैं। इसके अलावा असम की एक लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को वोटिंग होगी, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।
नामांकन से लेकर रिजल्ट तक पूरा शेड्यूल
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 9 सितंबर से नामांकन के साथ होगी। उम्मीदवार 16 सितंबर तक पर्चा दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी और 19 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 6 अक्टूबर और मतगणना 9 अक्टूबर को होगी। पूरी प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक समाप्त कर दी जाएगी।
इन सीटों पर होगा उपचुनाव
- मदुरंतकम – तमिलनाडु
- धारापुरम – तमिलनाडु
- थट्टांचावडी – पुडुचेरी
- रेजीनगर – पश्चिम बंगाल
- नंदीग्राम – पश्चिम बंगाल
- नौगांव लोकसभा सीट – असम
इस्तीफों के बाद खाली हुईं सीटें
इन सभी सीटों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव की स्थिति बनी है। असम की नौगांव लोकसभा सीट से प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद भी उपचुनाव कराया जा रहा है।
वहीं, रेजीनगर से हुमायूं कबीर के इस्तीफे के अलावा तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट भी जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं।

