बीरेंद्र कुमार झा
जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। सम्मेलन के आखिरी दिन यानी कल 10 सितंबर को वे अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर जाएंगे और भगवान स्वामीनारायण के दर्शन करेंगे।हालांकि मंदिर के पदाधिकारी ने अभी समय की पुष्टि नहीं की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के लिए दिल्ली के संग्रीला होटल में ठहरने का इंतजाम किया गया है उनके स्वामीनारायण के दर्शन को लेकर अक्षरधाम मंदिर के परिसर में आज से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है ।
मंदिर दर्शन की जताई थी इच्छा
जी – 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने किया। पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक पहली बार भारत के दौरे पर हैं। जी – 20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के अलावा ऋषि सुनक रविवार को दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर भी जाएंगे इससे पहले शुक्रवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने खुद को गर्वित हिंदू बताया और यहां अपने प्रवास के दौरान एक मंदिर के दर्शन करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि मैं एक गौरवान्वित हिंदू हूं और इसी तरह मेरा पालन पोषण हुआ मैं ऐसा ही हूं। उम्मीद है अगले कुछ दिनों तक यहां रहने के दौरान मैं किसी मंदिर के दर्शन कर सकूंगा।
जी – 20 शिखर सम्मेलन के आलावा किया द्विपक्षीय बैठक
गौरतलब है कि ऋषि सुनक दिल्ली में शुक्रवार को पहुंचे थे।शिखर सम्मेलन के पहले सत्र के बाद नरेंद्र मोदी और ऋषि सुनक दोनों नेताओं ने जी 20 से इतर एक द्विपक्षीय बैठक की।इससे पहले ऋषि सुनक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर नमस्कार की मुद्रा में मोदी का अभिवादन किया।मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से इस तरह से मुलाकात करना शानदार रहा। हमने कारोबारी संबंधों को मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन समृद्ध एवं टिकाऊ धरती के लिए काम करना जारी रखेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर अपने जापानी समकक्ष फुमियो किसिदा के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की।
ऋषि सुनक का एक वीडियो हुआ था वायरल
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का कुछ समय पहले एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे मुरारी बापू की कथा में जय श्री राम कहते नजर आए थे।उसे दौरान मुरारी बापू से ऋषि सुनक ने कहा था कि मैं एक ब्रिटिश पीएम नहीं, एक हिंदू के नाते आया हूं। दिल्ली पहुंचने पर ऋषि सुनक ने कहा कि वह स्पष्ट फोकस के साथ जी-20 शिखर सम्मेलन में जा रहे हैं,जिसमें वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिर करना, अंतरराष्ट्रीय संबंध बनाना और सबसे कमजोर लोगों का समर्थन करना शामिल है।

