बीरेंद्र कुमार झा
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य बीके हरिप्रसाद ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधा है। उनका एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बीके हरिप्रसाद को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुझे पता है कि सीएम कैसे बनाना है और कैसे गिराना है। मैं किसी से भीख नहीं मांगता हूं। मैं सीना तान कर खड़ा रहूंगा।मंत्री बनना अलग सवाल है।
बीके हरिप्रसाद को नहीं मिली है मिनिस्ट्री
बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया है। वे शुक्रवार को बेंगलुरु में विलावा और एडिगा नेताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को चेतावनी देते हुए कहा कि वह जानते हैं कि सीएम को कैसे चुनना और हटाना है।कांग्रेस एमएलसी ने कहा कि सिद्धारमैया पिछड़े वर्ग से हैं।हमने 2013 में इन्हें समर्थन दिया था क्योंकि हम चाहते थे कि सभी एकजुट रहें।
बिलवा और एडीगा समुदाय की सभा में लगाया आरोप
बीके हरिप्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से विलावा और एडिगा समुदाय आगे नहीं आ पा रहे हैं।उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि वह किसी की साजिश का शिकार हो रहे हैं।
गौरतलब है कि बीके हरिप्रसाद और सिद्धारमैया दोनों ही ओबीसी जाति से हैं। हरिप्रसाद एडिगा समुदाय से हैं जबकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कुरवा समुदाय से आते हैं।
वायरल वीडियो पर बीके हरिप्रसाद की प्रतिक्रिया
शनिवार को वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बीके हरिप्रसाद ने कहा नाराजगी के बारे में बात नहीं करते हैं और उन्होंने जो कुछ कहा है उसे सच मानते हैं।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा मैंने जो भी कहा है मैं उसे वापस नहीं लूंगा। मैंने जो कहा है मैं उस पर कायम रहूंगा। अगर मैंने इसे नहीं कहा है तो यह मेरा शब्द नहीं है। अगर मैंने यह कहा है तो मैं अपने शब्द से बंधा रहूंगा

