बीजेपी का मिशन 350 ,क्या मोदी बनेंगे फिर से पीएम ?

0
132

न्यूज़ डेस्क 
प्रधानमंत्री मोदी अपने दूसरे टर्म को पूरा करने वाले हैं और तीसरे टर्म के लिए चुनावी विसात की तैयारी कर रहे हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बने इसकी तैयारी बीजेपी कर रही है और लक्ष्य यही है कि इस बार के चुनाव में बीजेपी को 350 से ज्यादा सीटें मिले और मोदी फिर से देश के पीएम बने। जानकार कह रहे हैं कि जिस तरह से देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू ने लगातार तीन बार देश का नेतृत्व  किया था ठीक वही काम मोदी करना चाहते हैं। मोदी के साथ ही बीजेपी की भी इच्छा है कि नेहरू की तरह ही मोदी भी तीन बार देश के पीएम हों।  

हलाकि आगामी लोकसभा चुनाव बीजेपी के लिए भी उतना आसान नहीं है जितना पहले था। इंडिया गठबंधन अगर मजबूती और रणनीति के साथ आगे बढ़ता है तो बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती है। अगर बीजेपी के वोट बैंक में कोई बड़ा इजाफा नहीं होता है तो उसकी परेशानी और भी बढ़ेगी। अभी बीजेपी मके पक्ष में करीब 38 फीसदी वोट पड़ते रहे हैं।  

2019 के लोकसभा चुनाव में अकेले दम पर करीब 38 फीसदी वोट हासिल कर 303 सीटें जीतने वाली बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 350 प्लस सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी कई मोर्चों पर एक साथ काम कर रही है। अगर बीजेपी अकेले 350 प्लस सीटों का लक्ष्य हासिल कर लेती है, तो एनडीए सहयोगियों के साथ मिलकर आगामी आम चुनाव में उसकी सीटों की संख्या 400 के आसपास पहुंच जाएगी।

केंद्र में लगातार तीसरी बार अपनी सरकार बनाने के लिए बीजेपी ने एक साल से अधिक समय पहले 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी थी। एक तरफ पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली 303 सीटों पर पूरा फोकस कर रही है, वहीं दूसरी तरफ देश की 160 ‘कमजोर सीटों’ पर भी खास तैयारी कर रही है। इन 160 लोकसभा सीटों में सोनिया गांधी की रायबरेली, अखिलेश यादव के परिवार का गढ़ मैनपुरी, शरद पवार के परिवार का गढ़ बारामती के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की वे सीटें शामिल हैं जहां पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव में जीत नहीं पाई थी।

160 लोकसभा सीटों पर फोकस करते हुए भगवा पार्टी लंबे समय से अपने दिग्गज मंत्रियों और नेताओं को इन संसदीय क्षेत्रों में तैनात कर ‘लोकसभा प्रवास योजना’ अभियान चला रही है। इन सभी 160 लोकसभा क्षेत्रों में प्रत्येक विधानसभा सीट पर स्थानीय पार्टी नेताओं को तैनात करने का भी निर्णय लिया गया है। 160 लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत राज्य विधानसभा की लगभग 1,000 सीटें आती हैं। बीजेपी ने पहले फैसला किया था कि वह देश की उन 160 लोकसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा से पहले ही पर्यवेक्षक तैनात कर देगी, जिन्हें बीजेपी के लिए ‘कमजोर सीटें’ माना जा रहा है. बाद में इसकी संख्या बढ़ती गई और अब बीजेपी देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर पर्यवेक्षक तैनात कर रही है।

एक तरफ बीजेपी प्रचार के पारंपरिक माध्यम यानी ‘लोकसभा प्रवास योजना’, ‘विस्तारक योजना’ और ‘विकास भारत संकल्प यात्रा’ जैसे अभियानों के जरिए मतदाताओं से सीधे जुड़ रही है और लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, दूसरी ओर, भगवा पार्टी भी देश भर में ‘कॉल सेंटर’ स्थापित करके ‘नमो ऐप’ जैसे आधुनिक संचार माध्यमों का भरपूर उपयोग कर रही है.

  बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा से पहले ही पार्टी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शुरू कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे।बीजेपी के लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जनवरी के अंत या फरवरी के पहले हफ्ते में जारी हो सकती है। नए साल में लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी जल्द ही चुनाव घोषणापत्र और चुनाव अभियान समिति का भी गठन करेगी।

बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपना एजेंडा भी स्पष्ट कर दिया है कि एक तरफ पार्टी मोदी सरकार की उपलब्धियों और उसके विकास के एजेंडे को जनता के सामने उजागर करने के लिए कल्याणकारी योजना के लाभार्थियों को लक्ष्य बनाएगी, वहीं दूसरी तरफ वह अपना ध्यान अयोध्या मंदिर पर केंद्रित करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here