नीतीश कुमार द्वारा बी जे पी के 100 सीट पर सिमटने वाले बयान पर बी जे पी का तंज गुजराल-देवगौड़ा बनना चाहते हैं नीतीश

0
365
  • बीरेंद्र कुमार झा

बी जे पी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि नीतीश कुमार से बिहार तो संभल नहीं रहा है और वे देश संभालने की बात कर रहे हैं। रविशंकर प्रसाद ने यह बात नीतीश के उस बयान के जवाब में कही, जिसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव में बी जे पी के 100 सीटों पर सिमटने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि नीतीश का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी लीडरशिप पर यकीन करती है।
रविशंकर ने कहा कि नीतीश कई बार प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाए जाने की इच्छा जता चुके हैं, जबकि उनसे अपना राज्य ही नहीं संभल रहा है। नीतीश कुमार हों या कोई और, उन्हें यह पता होना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में देश ने बहुत तरक्की की है, जबकि नीतीश तो अभी तक अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता भी नहीं बना पाए हैं।

कांग्रेस नहीं दे रही,भाव लालू के चक्कर में फंसे नीतीश

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को क्या हो गया है ! वे बिहार को संभालने में सक्षम नहीं हैं। राज्य संकट में है। उनकी पार्टी में अराजकता है। कांग्रेस उन्हें भाव नहीं दे रही है, इसके बाद भी वे लालूजी के चक्कर में फंस गए हैं और रात में सपने देखने लगे है। नीतीश बाबू देवगौड़ा या इंद्र कुमार गुजराल बनना चाहते हैं। वे यह नहीं देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नीतीश कुमार 17 साल में बिहार का भी नही कर पाए विकास

नीतीश कुमार के 2024 के चुनाव में 100 सीटों के अंदर समेटने वाले नीतीश कुमार के वक्तव्य पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने के लिए बेताब हैं। गिरिराज सिंह ने कहा था नीतीश कुमार के दिमाग में प्रधानमंत्री बनने के लड्डू फूट रहे हैं। नीतीश कुमार 17 साल तक बिहार में विकास नहीं कर पाए। उनकी ‘समाधान यात्रा’ इस बात का सबूत है कि उनसे विकास नहीं हो पा रहा है।जिससे बिहार का विकाश नहीं हो पा रहा उससे देश का विकास कैसे होगा।

नीतीश कुमार को केसीआर से थी उम्मीद

गिरिराज सिंह ने कहा था नीतीश कुमार के दिमाग में प्रधानमंत्री बनने के लड्डू फूट रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा था कि जब केसीआर बिहार गए थे तो केसीआर के दिमाग में था कि नीतीश कुमार उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएंगे जबकि नीतीश ने सोचा था कि केसीआर उन्हें (नीतीश कुमार) उम्मीदवार बनाएं। लालू जी के साथ नीतीश कुमार कांग्रेस से मिले थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

क्या कहा था नीतीश कुमार ने

पटना में शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-ML) के अधिवेशन में नीतीश ने कहा था कि अब कांग्रेस को निर्णय लेना होगा कि 2024 में क्या रणनीति होनी चाहिए और विपक्षी एकता को किस तरह से मजबूत करना चाहिए। यदि कांग्रेस इस बात पर तैयार हो जाए तो 2024 में बीजेपी 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी।

कांग्रेस के सलमान खुर्शीद ने दी थी प्रतिक्रिया

वहीं नीतीश की सलाह पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने जवाब देते हुए कहा था कि नीतीश कुमार जी जो आप सोचते हैं, वही बात कांग्रेस भी सोचती है। बस बात इतनी सी है कि पहले आई लव यू कौन कहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here