बीरेंद्र कुमार झा
2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तमिलनाडु से चुनाव लड़ने की अटकलें लंबे समय से जारी है। हालांकि अब तक भारतीय जनता पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इसे लेकर कुछ भी नहीं कहा है।इस बीच अटकल यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत की रामनाथपुरम सीट से मैदान में उतर सकते हैं।फिलहाल इस सीट से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नवसाकनी सांसद हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार के हैदराबाद के नामपल्ली में हुई बीजेपी की उच्च स्तरीय बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ओर से यह मुद्दा उठाया गया था। खबर है कि उन्होंने पार्टी नेताओं को जानकारी दी थी कि दक्षिण में बीजेपी को स्थापित करने के लिए पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसी एक दक्षिण भारतीय राज्य से उतारने की योजना बना रही है।
आसान नहीं होगा मोदी के लिए यहां से चुनाव लड़ना
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब नेताओं से इस विचार इस बारे में उनके विचार जाने गए तो अधिकांश नेताओं ने रामनाथपुरम सीट का सुझाव दिया था।इस मामले में खास बात यह है कि फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदू प्रभाव वाले वाराणसी सीट से चुनाव लड़ते हैं, जबकि रामनाथपुरम में बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाता हैं। कहा जा रहा है कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां से जीतने में सफल होते हैं तो यह बीजेपी के लिए सियासी तौर पर बहुत मददगार सिद्ध होगा। इस जीत से बीजेपी पार्टी की एक नई छवि भी पेश कर पाएगी।
दक्षिण में बीजेपी का लक्ष्य
प्राप्त जानकारी के अनुसार जेपी नड्डा ने दक्षिण भारतीय राज्यों से बीजेपी के लिए 50 सीटें हासिल करने का लक्ष्य रखा है। माना जा रहा है कि पार्टी इसके जरिए उत्तरी राज्य में होने वाले संभावित सीटों के नुकसान की भरपाई करना चाहती है। गौरतलब है कि 2023 के अंत तक मध्यप्रदेश ,राजस्थान और छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बीजेपी जेपी नड्डा ने जानकारी दी है कि विधान सभा चुनाव से पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी तेलंगाना मैं कम से कम 2 बैठक और करेंगे।
