Bihar News: बिहार की सब्जियों को राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सहकारिता विभाग बड़ा कदम उठाने जा रहा है। बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा “हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान के तहत सोमवार 25 मई 2026 को पटना में एक दिवसीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम शास्त्री नगर स्थित दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (DNS Regional Cooperative Management Institute) में सुबह 9:30 बजे से आयोजित होगा।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव करेंगे उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। सम्मेलन में सब्जी उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और कृषि व्यापार से जुड़े विभिन्न हितधारक हिस्सा लेंगे।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा प्लेटफॉर्म
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बिहार के सब्जी उत्पादकों, व्यापारियों, खरीदारों और विपणन एजेंसियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके और बिहार की सब्जियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सके।
“हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान के जरिए राज्य सरकार बिहार की कृषि उपज, खासकर सब्जियों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को मजबूत करना चाहती है।
कृषि और सहकारिता क्षेत्र को मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से कृषि आधारित सहकारी मॉडल को मजबूती मिलेगी और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे बिहार की सब्जियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
मीडिया से सहयोग की अपील
सहकारिता विभाग ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की अपील की है।

