बिहार में हिंसक माहौल के बीच अमित शाह के कार्यक्रम में फिर हुआ बदलाव, एक और आयोजन रद्द

0
137

बीरेंद्र कुमार झा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय बिहार के दो दिवसीय दौरे पर हैं।बिहार में उन्हें दो रैलियों को संबोधित करना था, जिसमें से एक नवादा में और दूसरा सासाराम में था। सासाराम में जारी हिंसा के कारण अमित शाह के वहां के कार्यक्रम को पहले ही रद्द कर दिया गया है, अब बताया जा रहा है कि उनके कार्यक्रम में एक बार फिर से बड़ा बदलाव किया गया है। अमित शाह अब पटना के एसएसबी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे।यहां का उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

भूमि अधिग्रहण का काम नहीं हुआ है पूरा

गौरतलब है कि अमित शाह पटना के दीघा में एसएसबी के मुख्यालय में सुबह 11:00 बजे पहुंचने वाले थे, वहां उनके हाथों से मुख्यालय के भवन का भूमिपूजन और शिलान्यास होना था। इसके साथ ही गृह मंत्री वहां एसएसबी के 9 नए प्रोजेक्ट का भी ऑनलाइन उद्घाटन करने वाले थे।हालांकि उनका कार्यक्रम रद्द होने के कारणों को लेकर कोई जानकारी अभी तक नहीं दी गई है, लेकिन सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित शाह जिस जगह पर भूमि पूजन करने वाले थे ,वहां भूमि अधिग्रहण का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इसमें अभी और वक्त लगेगा,इस कारण से गृह मंत्री के इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।

पटना एयर पोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

कल अमित शाह के पटना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत पटना एयरपोर्ट पर किया गया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के सभी दिग्गज नेता वहां मौजूद थे। बीते रात में उन्होंने पार्टी के नेताओं के साथ बैठक भी की। इसमें उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया।आज वे नवादा में विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पूरे मगध प्रदेश को साधने की दृष्टि से इस रैली को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अमित शाह के नवादा जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here