Bihar News: बिहार के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान! 25 लाख युवाओं को मिलेगा स्किल ट्रेनिंग, रोजगार पर सरकार का मेगा प्लान

0
19

पटना: बिहार सरकार ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को लेकर बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत राज्य के 25 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाए। साथ ही 50 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग और 5 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया।

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं, कौशल विकास मिशन के तहत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

25 लाख युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का एक बड़ा माध्यम बन सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आधुनिक तकनीकों और बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है।

50 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग, 5 लाख को रोजगार का लक्ष्य

बैठक में मुख्यमंत्री ने विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि 50 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और 5 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा किया जाए। इसके लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के विस्तार और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

विदेशों में नौकरी के लिए भी होगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन और उद्योग जगत के सहयोग से ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम तैयार किए जाएं, जो देश और विदेश की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप हों। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार की मांग के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विदेशी भाषाओं और संचार कौशल (कम्युनिकेशन स्किल्स) के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि बिहार के युवा वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।

PM सूर्य घर योजना में जीविका दीदियों की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जीविका दीदियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे योजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा।

होम स्टे मॉडल को मिलेगा बढ़ावा

सरकार ने कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के आसपास होम स्टे मॉडल विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए आवश्यक प्रोत्साहन और इंसेंटिव की योजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को आय के नए अवसर मिलेंगे और प्रशिक्षण प्राप्त करने आने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विश्वविद्यालयों में नियुक्तियां तेज करने का निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाकर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।

रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को कौशल, रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। बिहार के युवाओं को ऐसी शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।

बैठक में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, विभागीय सचिव कौशल किशोर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here