Bihar Solar Scheme: बिहार सरकार ने बिजली क्षेत्र में अपनी अगली बड़ी प्राथमिकता स्वच्छ और सौर ऊर्जा को बनाया है। नई दिल्ली में आयोजित 19वें पर्यावरण एवं ऊर्जा सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने राज्य की विद्युत उपलब्धियों के साथ भविष्य की ऊर्जा योजनाओं की जानकारी साझा की।
सम्मेलन में बिहार राज्य सहभागी के तौर पर शामिल हुआ। “हर घर बिजली : बिहार की ग्रामीण विद्युतीकरण यात्रा” विषय पर बोलते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि लगातार निवेश और बेहतर नीतियों के चलते बिहार में बिजली के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। अब सरकार बढ़ती मांग को देखते हुए ग्रिड, उपकेंद्रों और पारेषण व्यवस्था को और मजबूत करने पर काम कर रही है।
2.5 लाख गरीब परिवारों को Rooftop Solar
राज्य सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले 2.5 लाख परिवारों को 1 किलोवाट क्षमता वाले रूफटॉप सोलर प्लांट से जोड़ने की योजना पर काम तेज किया है। इसे अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण के बाद सरकार अतिरिक्त 2.5 लाख परिवारों तक भी सौर ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

किसानों के लिए भी सौर ऊर्जा पर फोकस
कृषि क्षेत्र में बिजली की लागत और विश्वसनीय आपूर्ति को बेहतर करने के लिए 2,560 कृषि फीडरों के सौर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक करीब 2,000 से 2,200 कृषि फीडरों का सौर्यीकरण पहले ही हो चुका है।
ऊर्जा मंत्री ने उद्योग और निवेशकों से बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में नई ऊर्जा परियोजनाओं के लिए संभावनाएं मौजूद हैं और सरकार निवेशकों को आवश्यक सहयोग देगी।

