BRICS Summit 2026: भारत में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से पहले बांग्लादेश को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के मुताबिक, प्रधानमंत्री तारिक रहमान को व्यक्तिगत तौर पर BRICS Summit के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।
कबीर ने कहा कि भारत की ओर से आया निमंत्रण बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के नाम पर नहीं, बल्कि BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश बैठक में अपना प्रतिनिधि भेजेगा, लेकिन प्रधानमंत्री तारिक रहमान इसमें शामिल नहीं होंगे।
‘प्रधानमंत्री को निमंत्रण नहीं मिला’
पत्रकारों से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि जब प्रधानमंत्री को आमंत्रित ही नहीं किया गया तो उनके शामिल होने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि न्योता BIMSTEC के चेयर के लिए था।
दिल्ली में जुटेंगे कई बड़े नेता
भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें BRICS Summit की मेजबानी करेगा। सम्मेलन का फोकस लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता जैसे मुद्दों पर रहेगा। बैठक में विभिन्न देशों के शीर्ष नेताओं और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।

