Bihar Sahyog Shivir: बिहार सरकार के सहयोग शिविर अभियान ने जनसमस्याओं के समाधान में नया रिकॉर्ड कायम किया है। राज्यभर में आयोजित ग्राम पंचायत और शहरी निकाय स्तर के सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निस्तारण के मामले में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 95.5 प्रतिशत मामलों का निष्पादन कर इतिहास रच दिया है।
सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 16 जून 2026 तक आवेदनों के निस्तारण में कई विभागों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इससे आम लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में तेजी आई है और सरकारी सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
कृषि, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग भी पीछे नहीं
सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण के मामले में कृषि विभाग ने 94.4 प्रतिशत, समाज कल्याण विभाग ने 94.2 प्रतिशत, शिक्षा विभाग ने 92 प्रतिशत और पंचायती राज विभाग ने 90.2 प्रतिशत मामलों का समाधान कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन विभागों को बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
किस विभाग में कितने आवेदन पहुंचे?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार सहयोग शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों को बड़ी संख्या में आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं।
- ग्रामीण विकास विभाग – 63,918 आवेदन
- खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग – 25,133 आवेदन
- समाज कल्याण विभाग – 24,752 आवेदन
- ऊर्जा विभाग – 14,378 आवेदन
- पंचायती राज विभाग – 10,329 आवेदन
- शिक्षा विभाग – 9,729 आवेदन
- लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग – 7,870 आवेदन
- सामान्य प्रशासन विभाग – 5,623 आवेदन
- कृषि विभाग – 5,200 आवेदन
- स्वास्थ्य विभाग – 4,448 आवेदन
अन्य विभागों ने भी दिखाई तत्परता
आवेदनों के निस्तारण में कई अन्य विभागों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। स्वास्थ्य विभाग ने 87.7 प्रतिशत, सामान्य प्रशासन विभाग ने 89 प्रतिशत, ऊर्जा विभाग ने 89.9 प्रतिशत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने 89.2 प्रतिशत, नियोजन एवं विकास विभाग ने 91.7 प्रतिशत और भवन निर्माण विभाग ने 82.4 प्रतिशत मामलों का निस्तारण किया है।
इन जिलों ने मारी बाजी, गोपालगंज नंबर-1
जिलों की रैंकिंग में गोपालगंज ने 96.7 प्रतिशत निस्तारण दर के साथ पहला स्थान हासिल किया है। वहीं सारण 95.8 प्रतिशत के साथ दूसरे, शेखपुरा 95.5 प्रतिशत के साथ तीसरे, शिवहर 95.2 प्रतिशत के साथ चौथे और कटिहार 95.1 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर रहा। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों और आवेदनों के समाधान को प्राथमिकता दी है।
जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बना सहयोग शिविर
राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा सहयोग शिविर अभियान अब आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं का लाभ, शिकायतों का निपटारा और सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच मिल रही है। सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए।

