Bihar News: बिहार में राशन कार्ड को लेकर बड़ा एक्शन, 80 साल से ऊपर बुजुर्गों को घर पहुंचेगा अनाज!

0
4

Bihar News: अशोक चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा कि राशन कार्ड निर्माण और खाद्यान्न वितरण में पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

पटना में आयोजित बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि लाभुकों तक सही समय पर सही मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 Bihar Ration Card: अब तय समय में बनेगा नया राशन कार्ड

समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाए।

इसके साथ ही जन वितरण प्रणाली यानी PDS दुकानों में खाली पड़े पदों को भी जल्द भरने का निर्देश दिया गया ताकि राशन वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

80 साल से ऊपर बुजुर्गों को घर तक मिलेगा राशन

बैठक में सबसे बड़ा फैसला 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को लेकर सामने आया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे बुजुर्गों को घर तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट लागू करने की संभावनाओं का आकलन कर प्रस्ताव तैयार किया जाए।

सरकार का मानना है कि उम्रदराज लाभुकों को राशन लेने के लिए दुकानों तक जाने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में अगर यह योजना सफल रही तो आने वाले समय में इसे पूरे बिहार में लागू किया जा सकता है।

ट्रांसपोर्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई

Bihar State Food and Civil Supplies Corporation को निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि लाभुकों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि खाद्यान्न आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दलहन खरीद में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में दलहन अधिप्राप्ति कार्य की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सहकारिता विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा राज्य में भंडारण क्षमता मजबूत करने के लिए PPP मॉडल पर नए गोदाम निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया।

सोशल मीडिया और मीडिया प्रचार पर सरकार का फोकस

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग और उपभोक्ता संरक्षण निदेशालय की योजनाओं एवं गतिविधियों का सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे।

विभाग में खाली पद जल्द भरने का आदेश

Abhay Kumar Singh, Upendra Kumar, Vibhuti Ranjan Choudhary और Sunil Kumar समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

मंत्री ने उपभोक्ता संरक्षण निदेशालय में रिक्त पदों को जल्द भरने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए पर्याप्त मानव संसाधन बेहद जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here