नितिन गडकरी से मिले बिहार के पथ निर्माण मंत्री, सड़क और पुल परियोजनाओं को लेकर रखीं कई अहम मांगें

0
5

पटना/नई दिल्ली: बिहार में सड़क और पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने नई दिल्ली में संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, नए पुलों, बाईपास और संपर्क मार्गों सहित कई विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, साथ ही व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी।

कांवड़ियों के लिए बड़ी पहल, DPR तैयार करने का निर्देश

हाजीपुर से मुजफ्फरपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के किनारे प्रस्तावित कांवड़िया पथ के निर्माण का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) जल्द तैयार करने का निर्देश देने की बात कही। यह मार्ग श्रावणी और भादो मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए काफी सुविधाजनक माना जा रहा है।

विक्रमशिला सेतु के समानांतर पांटून ब्रिज का प्रस्ताव

बैठक में विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए समानांतर अस्थायी पांटून ब्रिज बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। मंत्री ने कहा कि इससे आम लोगों, व्यापारिक गतिविधियों, कृषि परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा।

इन परियोजनाओं को भी जल्द मंजूरी देने की मांग

बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया। इनमें प्रमुख रूप से—

  • मुजफ्फरपुर-बरौनी (NH-122) के चार लेन चौड़ीकरण और मुजफ्फरपुर पूर्वी बाईपास का निर्माण।
  • नौबतपुर से झारखंड सीमा तक NH-139 को चार लेन में विकसित करने का प्रस्ताव।
  • बरियारपुर-खड़गपुर-संग्रामपुर-जमुई (NH-333) परियोजना को अंतिम मंजूरी।
  • बरबीघा-शेखपुरा-जमुई-बांका-पंजवारा (NH-333A) सड़क परियोजना को शीघ्र स्वीकृति।
  • भागलपुर-बलझोर (NH-133E) सड़क परियोजना की निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग।
  • कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के उत्तरी हिस्से में एलिवेटेड सड़क निर्माण का प्रस्ताव।
  • फुलौत-बिहपुर पुल से हरिओ पंचायत के गांवों को रैंप के माध्यम से जोड़ने की मांग।
  • केंद्रीय सड़क निधि (CRIF) के तहत नई सड़क योजनाओं को मंजूरी देने का अनुरोध।

केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक संकेत

बैठक के बाद मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे बिहार आकर प्रस्तावित परियोजनाओं और संबंधित स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर सकते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी, जिससे प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here