Bihar News: बिहार सरकार का बड़ा फैसला! अब खेत-खेत पहुंचेंगे अधिकारी, गन्ना किसानों की हर समस्या होगी दूर

0
4

पटना/दरभंगा: बिहार सरकार ने दरभंगा जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और सकरी व रैयाम में स्थापित हो रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान-2026’ चलाया जाएगा, जिसमें चार विभाग मिलकर किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित करेंगे। सरकार का लक्ष्य गन्ने का रकबा बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि करना है।

राज्य सरकार के निर्देश पर दरभंगा जिला प्रशासन ने इस अभियान की विस्तृत रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत अधिकारियों को गांव-गांव और खेत-खेत जाकर किसानों से संपर्क करने, उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्य स्तर से लेकर पंचायत तक बनेगी मजबूत टीम

अभियान की शुरुआत से पहले 2 जुलाई को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। बैठक में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की समितियों को सक्रिय कर गन्ना खेती का विस्तार करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी कड़ी में बुधवार को दरभंगा के जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और गन्ना उद्योग विभाग के अधिकारियों ने सकरी और रैयाम चीनी मिल क्षेत्र में गन्ने की उपलब्धता बढ़ाने की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया।

चार विभाग मिलकर चलाएंगे मेगा अभियान

इस अभियान में गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग संयुक्त रूप से काम करेंगे। राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर गठित समितियां आपसी समन्वय से किसानों तक पहुंचेंगी और उन्हें गन्ने की खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।

अब खेतों तक पहुंचेंगे अधिकारी

सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधिकारी केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सीधे किसानों के खेतों और गांवों में जाकर उनसे संवाद करेंगे। किसानों को उन्नत गन्ना खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक, तकनीकी सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। खेती के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का समाधान मौके पर ही करने की व्यवस्था की जाएगी।

किसानों की आय बढ़ाने के साथ चीनी उद्योग को मिलेगा नया आधार

सरकार का मानना है कि यदि अभियान सफल रहा तो दरभंगा में गन्ने का उत्पादन तेजी से बढ़ेगा। इससे एक ओर सकरी और रैयाम की नई चीनी मिलों को पर्याप्त कच्चा माल मिलेगा, वहीं दूसरी ओर किसानों की आमदनी में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। जिला प्रशासन को भरोसा है कि चार विभागों के संयुक्त प्रयास और लगातार जन-जागरूकता अभियान से गन्ना खेती का दायरा तेजी से बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here