Bihar New: बिहार की सम्राट सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईपीएस और 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
इस बड़े प्रशासनिक बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव बनाया गया है।
निशांत कुमार के मंत्री बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव
हाल ही में सम्राट मंत्रिमंडल के विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके तुरंत बाद अब स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव रहे कुमार रवि को अब स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास संसदीय कार्य विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। संसदीय कार्य विभाग उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के पास है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के एसीएस एचआर श्रीनिवास को अब समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल को आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
संतोष कुमार मल्ल को सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त और बिहार भवन, नई दिल्ली में विशेष कार्य पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
स्वास्थ्य, पर्यटन और ऊर्जा विभाग में भी बदलाव
स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को अब पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें विज्ञान, प्राविधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
मध्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव को ऊर्जा विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जल संसाधन और भवन निर्माण विभाग में भी नई तैनाती
मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव चंद्रशेखर सिंह को अब जल संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और बिहार विकास मिशन के मिशन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
वहीं कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार को भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कई अन्य विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
बिहार भवन नई दिल्ली में भी हुए बड़े बदलाव
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को बिहार भवन, नई दिल्ली का स्थानिक आयुक्त बनाया गया है। वहीं ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह को भी नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में स्थानिक आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रजनीश कुमार सिंह को महानिरीक्षक कर एवं सुधार सेवाएं बनाया गया है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज
बिहार सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर स्वास्थ्य विभाग में हुए बदलाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।

