Bihar News: कॉलगर्ल’ वाली खबर पर बिहार सरकार का बड़ा खंडन, अभ्यर्थी ने कहा- मेरी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया

0
6

पटना: बिहार में रोजगार मेले से जुड़ी एक विवादित खबर को लेकर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने कड़ा खंडन जारी किया है। विभाग ने कहा है कि प्रकाशित खबर की प्रारंभिक जांच में उसके तथ्य सही नहीं पाए गए और उसे भ्रामक बताया गया है।

विभाग के मुताबिक, मामले की जानकारी सामने आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल पड़ताल शुरू की और संबंधित अभ्यर्थी से संपर्क किया। अभ्यर्थी ने अपने पति की मौजूदगी में लिखित रूप से अपना बयान दर्ज कराया। इसमें उसने कहा कि कंपनी में तय समय से अधिक काम कराए जाने और रहने की उचित व्यवस्था नहीं होने को लेकर उसकी शिकायत थी। उसके अनुसार, उसने किसी भी तरह के यौन शोषण की बात नहीं कही थी।

अभ्यर्थी ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि उसकी बातों को पत्रकार द्वारा तोड़-मरोड़कर अलग अर्थ में प्रकाशित किया गया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।

रोजगार मेले में हुआ था चयन

विभाग ने बताया कि 19 से 23 अगस्त 2026 तक पटना के ज्ञान भवन में रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत निजी कंपनी Hekam India Private Limited ने संबंधित अभ्यर्थी का चयन ICU Nurse (GNM) पद के लिए किया था।

विभाग ने शुरू की दस्तावेजों की जांच

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने कहा कि पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

सरकार की ओर से जारी खंडन के बाद रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थी से जुड़ी प्रकाशित खबर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। अब विभागीय जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here