Bihar News: बिहार फिल्म नीति का बड़ा असर, 50 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग पूरी, कलाकारों के लिए खुल रहे रोजगार के दरवाजे

0
8

Bihar News: बिहार में फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है। कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा है कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 के तहत फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य के कलाकारों को भी सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है।

पटना स्थित अपने आवास पर फिल्म अभिनेता कुमार कन्हैया सिंह से मुलाकात के दौरान मंत्री ने बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सांस्कृतिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बिहार में शूटिंग करने पर मिलेगा 4 करोड़ रुपये तक का अनुदान

डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 के तहत राज्य में फिल्म की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा यदि किसी फिल्म में बिहार के कलाकारों को अवसर दिया जाता है तो उन्हें किए गए भुगतान का 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त अनुदान भी उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि बिहार के कलाकारों, तकनीशियनों और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना भी है।

फिल्म निर्माताओं से लिया जा रहा फीडबैक

मंत्री ने बताया कि बिहार सरकार फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के अनुभवों को गंभीरता से ले रही है। राज्य में शूटिंग पूरी कर चुके निर्माताओं और कलाकारों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि उनकी जरूरतों के अनुसार भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जा सके।

उन्होंने कहा कि जल्द ही मुंबई और अन्य शहरों में कार्यरत बिहार मूल के फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी की जाएगी, जिससे फिल्म उद्योग से जुड़े सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जा सके।

50 से अधिक फिल्मों को मिल चुकी है अनुमति

डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार बिहार में अब तक 50 से अधिक फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुमति दी जा चुकी है। इनमें से अधिकांश फिल्मों की शूटिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को अब अलग-अलग विभागों में अनुमति लेने की जरूरत नहीं पड़ती। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के माध्यम से ऑनलाइन शूटिंग परमिशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनी है।

कलाकारों और वेंडरों का तैयार होगा डेटाबेस

फिल्म उद्योग को संगठित रूप देने के लिए सरकार स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और वेंडरों का व्यापक डेटाबेस तैयार कर रही है। इसके लिए इच्छुक कलाकार और वेंडर बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

इस पहल से फिल्म निर्माताओं को स्थानीय संसाधन आसानी से उपलब्ध होंगे और बिहार के कलाकारों को अधिक अवसर मिलेंगे।

‘सरकारी मीडियम’ की शूटिंग से मिला सकारात्मक अनुभव

फिल्म अभिनेता कुमार कन्हैया सिंह ने बिहार सरकार की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि इससे राज्य में फिल्म उद्योग को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि उनकी हिंदी फिल्म ‘सरकारी मीडियम’ की शूटिंग पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न स्थानों पर सफलतापूर्वक पूरी हुई और इस दौरान फिल्म निगम तथा स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। इसके लिए स्थानीय कहानियों को हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में बड़े पर्दे तक पहुंचाना जरूरी है।

बिहार में फिल्म अवार्ड शो आयोजित करने की मांग

कुमार कन्हैया सिंह ने सुझाव दिया कि बिहार में भी फिल्म अवार्ड समारोह आयोजित किए जाने चाहिए। उनका मानना है कि इससे फिल्म निर्माताओं और कलाकारों का राज्य की फिल्म नीति पर भरोसा और मजबूत होगा तथा बिहार फिल्म निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकेगा।

उन्होंने कहा कि बिहारी होने के नाते वे राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं और जल्द ही कुछ बड़े प्रोडक्शन हाउस के साथ बिहार में नई फिल्मों की शूटिंग शुरू करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here