Bihar News: पंचायत विकास दिवस में पहुंचे ऊर्जा सचिव अजय यादव, ‘महिला हितैषी पंचायत’ पर दिया जोर, पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

0
20

Bihar News: बिहार सरकार की पहल पर प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले ‘पंचायत विकास दिवस’ के तहत इस बार बक्सर जिले में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ऊर्जा विभाग के सचिव सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.) ने प्रभारी सचिव के रूप में बक्सर सदर प्रखंड की चुरामनपुर ग्राम पंचायत पहुंचकर पंचायत स्तर पर चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भी शुभारंभ किया।

‘महिला हितैषी पंचायत’ थी इस बार की मुख्य थीम

इस बार पंचायत विकास दिवस का विषय ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखा गया था। कार्यक्रम में महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शिक्षा एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने, आर्थिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा महिला अनुकूल आधारभूत सुविधाओं के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और समावेशी ग्रामीण विकास को गति देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी सुना गया

पंचायत विकास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसमें भाग लिया और कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान बक्सर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। ऊर्जा सचिव अजय यादव ने पंचायत भवन, चुरामनपुर में एक नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया।

2 जुलाई तक चलेगा अभियान, 2.60 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के लगभग 2.60 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर और निर्धारित बूथों पर पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी।

ग्रामीण विकास और जनस्वास्थ्य पर सरकार का विशेष फोकस

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और बच्चों के स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here