Bihar News: बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग ने राज्य में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। रविवार को ऊर्जा विभाग के सचिव सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.) ने बक्सर जिले के डुमरांव 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रिड की तकनीकी व्यवस्था, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का गहन जायजा लिया।
ग्रिड की तकनीकी व्यवस्था और संचालन प्रणाली की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा सचिव ने पावर ट्रांसफॉर्मर, प्रमुख विद्युत उपकरणों, परिचालन व्यवस्था और अनुरक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने ग्रिड परिसर का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों से संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली।
नियमित अनुरक्षण और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विद्युत उपकरणों का नियमित और समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन किसी भी स्थिति में सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान करने पर जोर
अजय यादव ने कहा कि उपभोक्ताओं तक निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित बिजली पहुंचाना ऊर्जा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी तकनीकी खराबी या संचालन संबंधी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वरीय अधिकारियों की भी रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अधिकारी और तकनीकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ऊर्जा सचिव को ग्रिड की वर्तमान स्थिति, रखरखाव कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान ग्रिड संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

