Bihar News: बिहार सरकार बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में सोमवार को ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने पटना स्थित स्काडा भवन पहुंचकर ऊर्जा विभाग के आधुनिक 1912 टॉल-फ्री कस्टमर केयर सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ता सेवाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था और विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उपभोक्ताओं से सीधे बात कर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से भागलपुर, दरभंगा, बांका, नौगछिया, पूर्णिया समेत कई जिलों के बिजली उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने हाल के दिनों में दर्ज शिकायतों और उनके समाधान की स्थिति की जानकारी ली।
बातचीत के दौरान कई उपभोक्ताओं ने शिकायतों के त्वरित निपटारे पर संतोष व्यक्त करते हुए ऊर्जा विभाग और मंत्री का आभार जताया। मंत्री ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सेवा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण इलाकों तक पहुंचे 1912 सेवा की जानकारी
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 1912 टॉल-फ्री सेवा का प्रचार-प्रसार ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के हर उपभोक्ता तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचनी चाहिए ताकि किसी भी समस्या के समाधान के लिए लोग आसानी से विभाग से संपर्क कर सकें।
उन्होंने कॉल सेंटर में ड्रॉप होने वाली कॉल्स की संख्या कम करने और शिकायतों के निस्तारण की गति बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
डेटा मॉनिटरिंग व्यवस्था की सराहना
मंत्री ने 1912 कॉल सेंटर में उपलब्ध डेटा संग्रहण और निगरानी प्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रति मिनट तैयार होने वाले आंकड़ों और उनकी मॉनिटरिंग व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक डेटा विश्लेषण प्रणाली के जरिए उपभोक्ताओं को और बेहतर सेवाएं देने में विभाग को मदद मिल रही है तथा इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी बन रही है।
सहयोग हेल्पलाइन 1100 और प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण
ऊर्जा मंत्री ने स्काडा भवन में नवसंचालित सहयोग हेल्पलाइन 1100 का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने 1912 कॉल सेंटर के ऑपरेटरों के प्रशिक्षण हॉल का अवलोकन कर प्रशिक्षण प्रक्रिया की समीक्षा की।
उन्होंने कॉल सेंटर एजेंटों की संवाद क्षमता को और बेहतर बनाने तथा सेवा व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता लाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना सरकार की प्राथमिकता
निरीक्षण के बाद ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

