Bihar News: बिहार के सरकारी अस्पतालों में तेजी से हो रहे डिजिटाइजेशन की चर्चा अब दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बिहार सरकार के प्रयास अब देश के लिए मॉडल बनते दिख रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बुधवार को बिहार स्वास्थ्य विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा किया और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। उनके साथ मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बिहार के डिजिटल हेल्थ सिस्टम की मिली पूरी जानकारी

दौरे के दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने विभाग द्वारा संचालित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार लगातार अस्पतालों की सेवाओं को पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।
भव्या पोर्टल बना आकर्षण का केंद्र

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भव्या पोर्टल की कार्यप्रणाली और उससे आम लोगों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पोर्टल अस्पताल सेवाओं को आसान, पारदर्शी और डिजिटल बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके जरिए मरीजों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय बेहतर हुआ है।
लाइव मॉनिटरिंग और शिकायत निवारण सिस्टम की दी जानकारी

दौरे के दौरान कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से राज्यभर के अस्पतालों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था, सर्विलांस सिस्टम और शिकायत निवारण तंत्र का भी प्रदर्शन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल सिस्टम की मदद से अस्पतालों की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है।
बिहार के प्रयासों की हुई सराहना

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बिहार स्वास्थ्य विभाग द्वारा तकनीक के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि विभाग का लक्ष्य आम नागरिकों तक बेहतर, त्वरित और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए डिजिटल सिस्टम को लगातार अपडेट और मजबूत किया जा रहा है।
दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन रहा बिहार

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अस्पतालों के डिजिटाइजेशन, लाइव मॉनिटरिंग और टेक्नोलॉजी आधारित प्रबंधन से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। यही वजह है कि अब अन्य राज्य भी बिहार के मॉडल को समझने और अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं।

