Bihar News: पटना के कदमकुआं स्थित महिला चरखा समिति परिसर में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और उनकी धर्मपत्नी प्रभावती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए ऐतिहासिक धरोहरों और स्मृति स्थलों का जायजा लिया।
JP के सपनों पर बड़ा बयान, मोदी-नीतीश का किया जिक्र

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सपनों को आज नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और बिहार में जो विकास हो रहा है, वह JP के आदर्शों की ही झलक है।
JP आंदोलन और इतिहास से जुड़े कक्षों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति के भीतर स्थित जयप्रकाश अध्ययन एवं शोध केंद्र, प्रभावती स्मृति कक्ष, शयन कक्ष और सम्पूर्ण क्रांति सभागार का निरीक्षण किया।
इसके साथ ही फोटो गैलरी में JP के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन और 1974 के जेपी आंदोलन (सम्पूर्ण क्रांति) से जुड़ी तस्वीरों को भी ध्यानपूर्वक देखा।
महिलाओं से संवाद, मिला गर्मजोशी से स्वागत

मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की और उनके कार्यों की सराहना की।
इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने भी ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर दिया बड़ा संदेश

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है, जिससे देश की महिलाओं को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरा बिहार इस फैसले के साथ खड़ा है।
विजिटर्स बुक में दर्ज की उपस्थिति, नेताओं की रही मौजूदगी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विजिटर्स बुक में हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज की। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें विधायक दिलीप जायसवाल, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा शामिल रहे।

