त्रिपुरा में बीजेपी की बड़ी जीत ,बीजेपी को मिला पहला मुस्लिम विधायक 

0
305


न्यूज़ डेस्क 

त्रिपुरा की सत्तारूढ़ बीजेपी को उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल हुई है। यहाँ हुए उपचुनाव में दोनों सीटों पर बीजेपी की जीत हुई है। त्रिपुरा बीजेपी के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। त्रिपुरा की धनपुर और बक्सा नगर सीट पर बीजेपी की जीत के बाद कहा जा रहा है कि आने वाले समय में त्रिपुरा में वामदलों को और झटका लग सकता है। बॉक्सानगर के माकपा विधायक समसुल हक के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। बॉक्सानगर सीट से तफजल हुसैन भाजपा के त्रिपुरा सहित पूरे नॉर्थ ईस्ट के पहले मुस्लिम विधायक बने हैं।         
          त्रिपुरा में मार्च 2023 में विधानसभा चुनाव हुआ था। 60 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में उस वक्त भाजपा को 32 सीटें मिली थी। पार्टी ने लगातार दूसरी बार राज्य में सरकार बनाई। लेकिन उस वक्त भाजपा ने किसी भी मुसलमान को अपना उम्मीदवार नहीं बनाया था। लेकिन बॉक्सानगर के माकपा विधायक समसुल हक के निधन के बाद हो रहे इस उपचुनाव में भाजपा ने मुस्लिम बहुल इस सीट से मुसलमान को अपना उम्मीदवार बनाया और वह चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इस जीत के साथ ही 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 33 हो गयी है। विधानसभा में उसके सहयोगी दल इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा का एक विधायक है। विपक्षी टिपरा मोथा के 13, माकपा के 10 और कांग्रेस के तीन विधायक हैं।
                   त्रिपुरा विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर कब्जा जमा लिया धनपुर सीट से भाजपा की बिंदू देबनाथ ने 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। वहीं, उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी माकपा के कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले। माकपा ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
        बता दें इस उपचुनाव में प्रदेश की दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। इसके साथ ही यह बात भी साफ हो गई है कि नॉर्थ ईस्ट में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी का जादू अल्पसंख्यकों के सर चढ़ कर बोल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here