बीरेंद्र कुमार झा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंसI(NDIA ) पर निशाना साधे जाने के बाद मंगलवार को पलटवार किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इस गठबंधन को लेकर कुछ भी कहें लेकिन यह इंडिया है जो मणिपुर को मरहम लगाने तथा महिला और बच्चे के आंसू पोछने में मदद करेगा।आगे राहुल गांधी ने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन मणिपुर में भारत की अवधारणा का पुनर्निर्माण करने में जुटा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्विटर वाल पर लिखा कि मोदी जी आप हमें जो चाहे संबोधित कर लें, हम इंडिया हैं। हम मणिपुर को मरहम लगाने का काम करेंगे। हम हर महिला एवं बच्चों के आंसू पोछने में सहायता करेंगे।हम मणिपुर के सभी लोगों के जीवन में प्यार और शांति वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं और शांति लाकर रहेंगे।
क्या कहा था पीएम मोदी ने
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया को देश का अब तक का सबसे दिशाहीन गठबंधन करार दिया। यही नहीं उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी तथा इंडियन मुजाहिदीन जैसे नामों का हवाला दिया और कहा कि केवल देश के नाम के इस्तेमाल से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता है।प्रधानमंत्री ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें कहीं थी।
2024 लोकसभा चुनाव में जीतेगा एनडीए
बीजेपी संसदीय दल की बैठक में मौजूद कई सूत्रों ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्ष की आलोचना की और भरोसा जताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद सत्तारूढ़ एनडीए को लगातार तीसरा कार्यकाल मिलना तय है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष की हताश और निराश व्यवहार का उल्लेख किया।सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी ने कहा कि यहां तक कि मुख्य विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नाम भी एक अंग्रेज ए ओ ह्यूम ने रखा था।
ईस्ट इंडिया कंपनी भी अंग्रेजों ने बनाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने बैठक के बाद मीडिया से बात किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बहुत बड़ी टिप्पणी की है। इंडियन नेशनल कांग्रेस एक अंग्रेज ने बनाई थी। ईस्ट इंडिया कंपनी भी अंग्रेजों के द्वारा बनाई गई थी।आजकल लोग इंडियन मुजाहिद्दीन और इंडियन पीपुल्स फ्रंट भी नाम रखते हैं तो चेहरे पर चेहरे चढ़ा लेते हैं, सच्चाई कुछ और होती है।
विपक्ष ने गठबंधन का नाम इंडिया रखा
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा कि जो लोग देश को तोड़ना चाहते हैं उनके पास भी ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे नाम हैं, लेकिन लोगों को इन हथकंडों से गुमराह नहीं किया जा सकता है ।आपको बता दें कि विपक्षी दल ने पिछले दिनों बेंगलुरु में हुई बैठक के बाद 18 जुलाई को अपना गठबंधन के नाम का ऐलान किया था। गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस ( INDIA) रखा गया था।
उलजलूल बयानबाजी से देश का ध्यान भटकाना बंद कीजिए मोदी जी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने ट्विटर वाल पर लिखा कि मणिपुर की बात हम कर रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सदन के बाहर इंडिया को ईस्ट इंडिया कंपनी बोल रहे हैं।कांग्रेस पार्टी हमेशा मदर इंडिया यानी भारत माता के साथ रही है। उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों के गुलाम तो बीजेपी के राजनीतिक पूर्वज थे।प्रधानमंत्री जी अपनी उल जलूल बयानबाजी से देश का ध्यान भटकाना बंद कीजिए।
एनडीए का नया अर्थ नेशनल डेफिनेश अलायंस
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने अपने ट्विटर वालों पर लिखा कि यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री 26 दलों वाले गठबंधन ‘ इंडिया’ से बहुत परेशान हैं ।वह न केवल लगभग मृतप्राय एनडीए में नई जान फूंकने का प्रयास कर रहे हैं बल्कि अपने बयान के माध्यम से उन्होंने एनडीए को एक नया अर्थ नेशनल डेफिनेशन एलाइंस दिया है। उन्होंने दावा किया कि जब प्रधानमंत्री किसी मुद्दे पर घिर जाते हैं तो वह हर समय इंकार करने, ध्यान भटकाने, तोड़ने- मरोड़ने और बदनाम करने का काम करते हैं।

